दिल्ली में रोजगार की तलाश में आए एक युवक की जिंदगी महज एक हफ्ते में ही खत्म हो गई। 25 साल का राजकुमार, जो झारखंड का रहने वाला था, दिल्ली आए अभी सिर्फ सात दिन ही हुए थे। उसने हाल ही में फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो में काम शुरू किया था, लेकिन एक सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली।
राजकुमार पश्चिमी दिल्ली के सागरपुर इलाके में अपने दोस्त महावीर के साथ रह रहा था। गुरुवार सुबह वह स्कूटर से महावीर से मिलने जा रहा था, दोनों रोज की तरह साथ में चाय पीने वाले थे। लेकिन यह मुलाकात कभी नहीं हो पाई। महावीर के मुताबिक, हादसे से करीब एक घंटे पहले राजकुमार का फोन आया था। उसने चाय के लिए बुलाया था। महावीर ने बताया कि करीब आधे घंटे बाद मैंने उसे फोन किया, लेकिन उसने उठाया नहीं। फिर पुलिस का फोन आया कि उसका एक्सीडेंट हो गया है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7:35 बजे जनकपुरी पुलिस स्टेशन को पीसीआर कॉल मिली कि पंखा रोड स्थित दबरी फ्लाईओवर से एक व्यक्ति गिर गया है और उसे तुरंत मदद की जरूरत है। पुलिस मौके पर पहुंची तो फ्लाईओवर पर एक क्षतिग्रस्त स्कूटर और एक कार मिली। शुरुआती जांच में पता चला कि स्कूटर और कार की टक्कर के बाद राजकुमार फ्लाईओवर से नीचे गिर गया।
घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है, ताकि मौत के सही कारण का पता चल सके।
राजकुमार के पिता अक्षय यादव झारखंड के गोड्डा जिले में किसान हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार सदमे में है और अब अंतिम संस्कार के लिए उसके शव का इंतजार कर रहा है। महावीर ने दुख जताते हुए कहा, “मैंने उसके पिता से कहा था कि मैं उसका ख्याल रखूंगा, लेकिन अब उनका सामना करने की हिम्मत नहीं है।”
महावीर और राजकुमार की दोस्ती पुरानी थी। दोनों झारखंड के पड़ोसी गांवों से थे और करीब छह साल पहले काम की तलाश में घर छोड़कर पहले चेन्नई गए थे। वहां सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी की, फिर बेंगलुरु चले गए। एक हफ्ते पहले ही दोनों दिल्ली आए थे, जहां राजकुमार को डिलीवरी की नौकरी मिल गई थी।
पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल कार दिल्ली नंबर की है और दबरी इलाके के एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। हालांकि, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और फरार ड्राइवर की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर हादसा कैसे हुआ।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर 5 की जलकर मौत, आग का गोला बनी गाड़ी; वैष्णो देवी से लौट रहा था परिवार
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अचानक आग की चपेट में आ गई। कार में सवार पांचों लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचा ली। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं जो वैष्णो देवी से अपने घर लौट रहे थे। न्यूज18 इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सभी मृतक मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के रहने वाले थे। हालांकि अब तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस भी हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
