कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने सूरत डायमंड बोर्स को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट से जुड़ी ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की खबर साझा करते हुए मोदी सरकार के शासन मॉडल पर सवाल उठाए। सौरव दास ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है।
CJP के सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर खबर साझा करते हुए लिखा, ‘मोदी का शासन मॉडल। उनकी सरकार में युवाओं का भविष्य बर्बाद है!’
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब तीन साल पहले 3200 करोड़ रुपये की लागत से बने सूरत डायमंड बोर्स (SDB) का उद्घाटन किया था। उस समय उन्होंने इसे दुनिया का बेहतरीन डायमंड कारोबार केंद्र और सूरत के लिए ‘मोदी की गारंटी’ का उदाहरण बताया था। इस परियोजना का मकसद भारत के हीरा कारोबार को मुंबई से सूरत स्थानांतरित करना था। सूरत देश में हीरे की कटाई और पॉलिशिंग का बड़ा केंद्र है।
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, उद्घाटन के तीन साल बाद भी यह विशाल परिसर काफी हद तक खाली पड़ा है। नौ टावरों वाले इस परिसर में कुल 4200 हीरा कारोबार कार्यालय बनाए गए हैं लेकिन फिलहाल इनमें से करीब 300 कार्यालय ही खुले हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, सूरत डायमंड बोर्स को कारोबार का बड़ा केंद्र बनाने की कोशिशें जारी हैं। पिछले सप्ताह बीजेपी के राज्यसभा सांसद और हीरा कारोबारी गोविंदभाई ढोलकिया ने व्यापारियों से गुजराती नववर्ष के मौके पर अपने कार्यालय खोलने और इस परिसर को दुनिया का सबसे सफल हीरा कारोबार केंद्र बनाने की अपील की थी।
वहीं गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी भी सूरत के महिधरपुरा इलाके में हीरा कारोबारियों के साथ बैठक कर चुके हैं। इन बैठकों का मकसद कारोबारियों को अपने दफ्तर सूरत डायमंड बोर्स में शिफ्ट करने के लिए प्रोत्साहित करना था। पूरी खबर यहां पढ़ें…
‘CJP प्रवक्ता सौरव दास का सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक किया जाए’, हाई कोर्ट ने याचिका पर जारी किया नोटिस
मद्रास हाई कोर्ट ने शुक्रवार को एक याचिका पर सुनवाई करते हुए नोटिस जारी किया है। याचिका में कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दाव के पिछले रिकॉर्ड और पृष्ठभूमि की जांच कराने की मांग की गई है। याचिका में कहा गया है कि सौरव दास सोशल मीडिया पर न्यायपालिका और सुप्रीम कोर्ट के जजों के खिलाफ अपमानजनक कमेंट कर रहे हैं। ऐसे में उनके सोशल मीडिया अकाउंट को ब्लॉक किया जाए।
