scorecardresearch

जंतर मंतर पर मोदी सरकार के खिलाफ मशाल जुलूस निकालने जा रही थीं यूथ कांग्रेस वर्कर, पुलिस ने उठाकर वैन में डाला

Youth Congress Workers Protest: यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राजधानी दिल्ली में मशाल जुलूस निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया।

Youth Congress workers | delhi police | Mashaal Julus
Youth Congress workers: यूथ कांग्रेस का दिल्ली में प्रदर्शन। (फोटो सोर्स: ANI)

Youth Congress Workers Protest: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने के बाद कांग्रेस आक्रामक मूड में आ गई है। रविवार (26 मार्च) को कांग्रेस ने देशव्यापी सत्याग्रह आंदोलन किया। इसी बीच केंद्र की मोदी सरकार के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजधानी दिल्ली में मशाल जुलूस निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया। विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

इससे पहले दिन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने राजघाट पर संकल्प सत्याग्रह के दौरान मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मेरे शहीद पिता का अपमान संसद में किया जाता है. शहीद के बेटे का अपमान किया जाता है उन्हें मीर जाफर कहा जाता है. मेरी मां का अपमान किया जाता है। आपके मंत्री कहते हैं कि इनके पिता कौन हैं? आपके प्रधानमंत्री गांधी परिवार के लिए कहते हैं कि ये नेहरू उपनाम का इस्तेमाल क्यों नहीं करते? आप पर तो कोई केस नहीं होता, आपकी सदस्यता रद्द नहीं होती।

मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को पुलिस गिरफ्तार किया

वहीं राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन रोकने के मामले में मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को रविवार को गिरफ्तार किया गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी-भोपाल) थाना प्रभारी नितीन पटेल ने यहां संवाददाताओं को बताया कि दो दिन पहले शुक्रवार को दक्षित एक्सप्रेस को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर बिना पूर्व घोषणा के विक्रांत भूरिया एवं अन्य कांग्रेस सदस्यों ने रोक दिया था, जिससे आम यात्रियों को परेशानी हुई थी। उन्होंने बताया कि मामले में जीआरपी थाना हबीबगंज में रेलवे सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि मामले में न्यायालय के आदेशानुसार विक्रांत भूरिया की गिरफ्तारी की गई है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

राजकीय रेलवे पुलिस (भोपाल) के अधिकारी पुलिस बल के साथ तीन वाहनों में सवार होकर झाबुआ के गोपाल कॉलोनी स्थित भूरिया के निवास पर पहुंचे। पुलिस के आने की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर एकत्रित हो गए और लगभग एक घंटे तक सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरोध में नारेबाजी की। विक्रांत भूरिया पूर्व केन्द्रीय मंत्री व झाबुआ विधानसभा क्षेत्र के विधायक कांतिलाल भूरिया के पुत्र हैं। विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन करते हुए रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर कुछ समय के लिए एक ट्रेन रोक दी थी और मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी। इस दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता ट्रेन की इंजन पर चढ़ गए थे और कुछ देर के लिए विरोध में पटरियों पर बैठे।

केरल की वायनाड संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत ने वर्ष 2019 के मानहानि के एक मामले में बृहस्पतिवार को दो साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद शुक्रवार को उन्हें लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहरा दिया गया।

पढें राष्ट्रीय (National News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 26-03-2023 at 20:21 IST
अपडेट