Nitish Kumar Resignation: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार सुबह पटना स्थित मुख्य सचिवालय में अपनी अंतिम मंत्रिमंडल बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप सकते हैं। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ने से पहले भावुक पोस्ट कर अपनी भावनाएं साझा की हैं।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “नीतीश जी,अगले चौबीस घंटे में आप बिहार के मुख्यमंत्री पद को छोड़ देंगें। सब को पता है कि आपका यह ख्वाब था कि आप देश के चारों सदनों के सदस्य रहें पर आपके इस ख़्वाब ने करोड़ों दिलों को रूला दिया है।”

करोड़ों लोगों की आंखों में आंसू भर आएं- मांझी

मोदी सरकार में मंत्री मांझी ने आगे लिखा, “नीतीश जी बिहार ने कई मुख्यमंत्रियों को आते-जाते देखा है पर शायद ये पहला मौका है जब आपको मुख्यमंत्री पद की छोड़ने की बातों सुनकर ही करोड़ों लोगों के आंखों में आंसू भर आएं हैं। भले ही मुख्यमंत्री पद को छोड़ने का फैसला आपका अपना फैसला है जिस पर कोई सवाल नहीं खड़ा कर सकता पर बिहार आज गमजदा है। हर बिहारी कह रहा है…वी विल मिस यू नीतीश जी… आप महामानव हैं,बिहार आपके बिना अधूरा है।”

नई सरकार के गठन को लेकर सियासी गतिविधियां तेज

इस बीच, नई सरकार के गठन को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जेडीयू सुप्रीमो नीतीश कुमार ने दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी के विधायक दल की बैठक बुलाई है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने विधायकों की बैठक दोपहर 3 बजे निर्धारित की है, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बीजेपी विधायक दल के उस नेता के नाम की घोषणा किए जाने की संभावना है, जो मुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगे। इन बैठकों के बाद एनडीए विधायक दल शाम 4 बजे विधानसभा के सेट्रल हॉल में इकट्ठा होगा।

जेडीयू ने सम्राट चौधरी को सीएम बनाने की इच्छा जाहिर की

नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने सरकार में मौजूदा समीकरण बनाए रखने के लिए सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा जाहिर की है। अगर कुशवाहा समाज से आने वाले सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनते हैं और कुर्मी समाज से आने वाले नीतीश के बेटे निशांत कुमार उपमुख्यमंत्री बनते हैं तो मौजूदा समीकरण लवकुश जैसा बनेगा। एक जेडीयू के नेता ने कहा, “पिछले दो सालों से सम्राट चौधरी ने प्रशासक के तौर पर परिपक्वता दिखाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भरोसा जीत लिया है।” पढ़ें पूरी खबर…