Ruhullah Mehdi Resignation: श्रीनगर लोकसभा सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने अपने पिता की 26वीं पुण्यतिथि पर, अपनी संसदीय सीट और जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी से इस्तीफा देने की आधिकारिक घोषणा की। साथ ही उन्होंने फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला पर जमकर निशाना साधा।

आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “आपने जम्मू-कश्मीर की जनता के साथ विश्वासघात करने और उन्हें अपमानित करने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इन लोगों ने आपको भारी जनादेश दिया था ताकि आप शासन करें और उनकी गरिमा बहाल करें। आपने एक राजकुमार की तरह बर्ताव किया, लेकिन असल में आप बीजेपी और आरएसएस के गुलाम निकले। जिस तरह हमने आपको सत्ता के शिखर पर पहुंचाया था, उसी तरह हम आपको नीचे भी गिराएंगे, सिर्फ अगले चुनाव में हराने के लिए नहीं, बल्कि हमेशा के लिए खत्म करने के लिए।”

फारूक को उमर अब्दुल्ला को कुरान पढ़ाना चाहिए- रुहुल्लाह मेहदी

बडगाम में आगा रुहुल्लाह मेहदी ने कहा, “डॉ. फारूक अब्दुल्ला को अपने ‘ना-अहल’ (उमर अब्दुल्ला) को कुरान पढ़ाना चाहिए, जिन्होंने बीजेपी के डर से विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद अनुच्छेद 370 पर यू-टर्न ले लिया।”

हम खुद कुर्सी छोड़ रहे हैं- रुहुल्लाह

रुहुल्लाह ने कहा, “आप अभी जिस कुर्सी पर बैठे हैं, वह आपके और हमारे, दोनों के लिए ही दुख का कारण है।” सांसद रूहुल्लाह ने कहा कि जहां अक्सर नेता सत्ता या पद खोने पर दुखी हो जाते हैं, वहीं उनका खुद अपना पद छोड़ना उनके लिए संतोष की बात है। उन्होंने कहा, “लोग कुर्सी खोने पर दुखी होते हैं, लेकिन यहां हम खुद कुर्सी छोड़ रहे हैं और हम खुश हैं।” मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए रूहुल्लाह ने कहा, “अगर आप देखना चाहते हैं कि असली सम्मान क्या होता है, तो बडगाम आइए।”

रुहुल्लाह ने श्रीनगर सीट से जीत हासिल की थी

रुहुल्लाह ने 2024 के लोकसभा चुनाव में श्रीनगर सीट पर 356866 वोट हासिल किए थे। ​​उन्होंने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) के उम्मीदवार वहीद-उर-रहमान पारा को 1,88,416 वोटों के अंतर से हराया, जिन्हें 1,68,450 वोट मिले थे।

यह भी पढ़ें: ‘जब हमने उनसे वादे पूरे करने की उम्मीद की तो हमें मूर्ख समझा…’, श्रीनगर के सांसद रुहुल्लाह मेहदी फारूक अब्दुल्ला की पार्टी से देंगे इस्तीफा

श्रीनगर के सांसद आगा रुहुल्लाह मेहदी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस से इस्तीफा देने के अपने फैसले की औपचारिक घोषणा कर दी है। उन्होंने अपनी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि वह अनुच्छेद 370 की बहाली के लिए लड़ने के अपने चुनावी वादे को पूरा करने में विफल रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…