Jammu-Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ को उनकी कोलकाता पर की गई टिप्पणी को लेकर आईना दिखाया है। सीएम ने कहा कि आप मुल्क की राजधानी तक तो पहुंच नहीं पाए थे, कोलकाता पहुंचने का ख्वाब तो छोड़ ही दो।

मीडिया से बातचीत में सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा, “अभी ऑपरेशन सिंदूर को पूरा हुए एक साल भी नहीं हुआ। क्यों हमें मजबूर कर रहे हैं कि उन्हें याद दिलाने पर कि किस तरह हालात बने हुए थे। कोलकाता तो दूर की बात वो मुश्किल से जम्मू पहुंचे। जम्मू में भी उन्होंने कुछ खास नुकसान किया नहीं था। मुल्क की राजधानी तक तो पहुंच नहीं पाए, कोलकाता पहुंचने का ख्वाब मुझे लगता है उन्हें भूल जाना चाहिए।”

पाकिस्तान की हालत खराब- उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने कहा, “उनकी बेहतरी इसी में है कि किसी ना किसी तरह वो रिश्तों को सुधारने की कोशिश करें। उनको रिश्तों को बिगाड़ना नहीं चाहिए। क्योंकि खराब रिश्तों से हमें इतना नुकसान नहीं है, जितना उनको होगा। अब आप अंदाजा लगाइए कि हमारे जहाज अभी भी उड़ रहे हैं। हमने किसी भी इंटरनेशनल एयरलाइन को यह नहीं कहा है कि हमारे पास तेल नहीं है। आप पाकिस्तान के हालात देखिए उन्होंने एयरलाइंस को कहा हुआ है कि आप शौक से आइए, लेकिन आप तेल भर के आइए। हम आपको अपने यहां पर तेल नहीं दे सकते हैं। ये तो उनकी हालत है। तो बजाय कोलकाता के वो हालात को सही बनाने की कोशिश करें तो सही होगा।”

राजनाथ सिंह ने दी कड़ी चेतावनी

इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तानी रक्षा मंत्री को कोलकाता पर हमले की धमकी का करारा जवाब दिया था। राजनाथ सिंह ने कहा, “पाकिस्तान के रक्षा मंत्री को ऐसा भड़काऊ बयान नहीं देना चाहिए था। पचपन साल पहले, जब पाकिस्तान दो हिस्सों में बंटा था, तब उन्हें इसके परिणाम भुगतने पड़े थे। अगर वे बंगाल पर बुरी नजर डालने की कोशिश करेंगे, तो पता नहीं इस बार पाकिस्तान कितने हिस्सों में बंटेगा।” पढ़ें पूरी खबर…

ख्वाजा आसिफ की ‘कोलकाता’ वाली धमकी क्या थी?

4 अप्रैल को सियालकोट में मीडिया से बात करते हुए ख्वाजा आसिफ ने कहा था, “अगर भारत इस बार कोई झूठा ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो हम कम से कम कोलकाता तो जरूर पहुंचेंगे।” उन्होंने आगे कहा, “अगर भारत अपने ही आदमियों के जरिये या पाकिस्तानी लोगों के जरिये किसी को हिरासत में लेकर, कहीं शव रखकर और यह दावा करके कि वे आतंकवादी थे जिन्होंने ऐसा-ऐसा किया था, कोई झूठा अभियान चलाने की योजना बनाता है, तो पाकिस्तान इसे कोलकाता तक ले जाएगा।”