CM Yogi in Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एंट्री हो गई है और यहां उन्होंने बांग्लादेश में हुई हिंदुओं की हत्या का मुद्दा उठाया है। सीएम योगी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ममता पड़ोसी बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की हत्याओं पर चुप रहीं, जबकि बीजेपी नेताओं ने ऐसे हमलों की निंदा करते हुए बयान जारी किए’।
बंगाल चुनाव में बीजेपी के लिए आक्रामक प्रचार के तहत सीएम योगी आदित्यनाथ बांकुड़ा जिले के सोनामुखी में एक चुनावी रैली की और यहां उन्होंने कहा कि बंगाल को स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस की भूमि के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने देश की आध्यात्मिकता को समृद्ध किया। उन्होंने आरोप लगाया, “तृणमूल कांग्रेस सरकार विश्व स्तर पर पूजनीय आध्यात्मिक प्रतीकों का अनादर करती है, जिससे राज्य की हिंदू पहचान को खतरा पैदा होता है।”
डबल इंजन सरकार का जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोगों से राज्य में ”डबल इंजन” की सरकार के लिए मतदान करने की अपील की, ताकि वास्तव में एक समावेशी शासन व्यवस्था स्थापित हो सके। उन्होंने कहा, ”बंगाल अब ‘गुंडागर्दी’ का अड्डा बन गया है, जो उत्तर प्रदेश में भाजपा के सत्ता में आने से पहले आम बात थी। उत्तर प्रदेश में विकास और प्रगति की कमी थी लेकिन अब बदलाव देखिए।”
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तुष्टीकरण नहीं, बल्कि ”समावेशी हिंदू धर्म” है, जहां हर समुदाय सुरक्षित वातावरण में शांतिपूर्वक रह सकता है। उन्होंने कहा, ”हर महीने कर्फ्यू लगता था। लेकिन 2017 से, जब से उत्तर प्रदेश में भाजपा सत्ता में आई है, तब से न तो कर्फ्यू लगा है और न ही दंगे हुए हैं। सभी माफियाओं के साथ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाते हुए वही बर्ताव किया गया है, जिसके वे काबिल थे। अब उत्तर प्रदेश भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।”
वंदे मातरम् का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि वंदे मातरम् ने भारतीयों में आध्यात्मिक जागृति पैदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के मूल्यों और आदर्शों का प्रचार-प्रसार हो और उनके योगदान को उचित तरीके से याद किया जाए। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा बंगाल में सरकार बनाएगी और अत्याचार, बलात्कार और हत्याएं अतीत की बातें हो जाएंगी। योगी आदित्यनाथ ने दावा किया, ”भाजपा के कई कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई और तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने उनके हाथ काट दिए। इन गुंडों से उचित तरीके से निपटा जाएगा।”
सीएम योगी ने कहा कि बांग्लादेश में खिलाफ हुए हिंसा के वह इसलिए चुप रहीं, क्योंकि उन्हें बंगाल में अपना वोट बैंक खोने का डर है।” आदित्यनाथ ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन के दौरान घुसपैठ के कारण पश्चिम बंगाल में जनसांख्यिकीय परिवर्तन हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य की पहचान की रक्षा करेगी और इसके समावेशी स्वरूप को बरकरार रखेगी।” आदित्यनाथ ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के लिए बंगाल से कई ‘कारसेवक’ अयोध्या गए थे। उन्होंने कहा, ”विडंबना यह है कि तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी ने राम मंदिर आंदोलन का समर्थन नहीं किया। इससे उनका असली चेहरा उजागर हो गया है।
यूपी को मिल रहा केंद्र का लाभ
राज्य के किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उनकी कृषि उपज के लिए उचित समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल के किसानों को फसलों की कीमतें उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में मिलने वाली राष्ट्रीय दर के बराबर मिलनी चाहिए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है लेकिन पश्चिम बंगाल की स्थिति देखकर उन्हें दुख हुआ।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों लोगों को घर मिले हैं और हर जगह पीने का पानी उपलब्ध है। लेकिन बंगाल की स्थिति देखकर हमें दुख होता है। भाजपा के सत्ता में आने पर बंगाल में भी ऐसे ही विकास होंगे। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि नतीजे चार मई को आएंगे।
यह भी पढ़ें: सीएम योगी को बच्ची ने भेंट किया खिलौना बुलडोजर, मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कही यह बात, देखें वीडियो

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ शुक्रवार को एक प्यारा वाकिया हुआ। गोरखनाथ मंदिर में प्रातः भ्रमण के दौरान उन्हें वहां आई एक छोटी बच्ची ने खिलौना बुलडोजर उपहार में दिया। बच्ची का सप्रेम भेंट देखकर मुख्यमंत्री को खुशी भी हुई और सुखद आश्चर्य भी। वह बच्ची से भेंट पाकर मुस्कुराने लगे। उन्होंने उसके साथ तस्वीर भी खिंचवाई और फिर उसे खिलौना वापस कर दिया। पढ़िए पूरी खबर…
