उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को राज्य विधानसभा की विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष पहले महिला सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण कदमों का विरोध करता है और बाद में उनका श्रेय लेने की कोशिश करता है, जो उनके “महिला विरोधी मानसिकता” को दर्शाता है।

विधानसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सदन विपक्ष के महिला विरोधी आचरण का गवाह है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आपके आचरण पर तो गिरगिट भी शरमा जाए। आज अगर आप 33 प्रतिशत आरक्षण की बात कर रहे हैं, तो संसद में इसका विरोध क्यों किया था?”मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सदन में चर्चा शुरू भी नहीं हुई थी, लेकिन विपक्ष पहले से ही बेचैन है क्योंकि वह महिलाओं के सशक्तिकरण में बाधा बन रहा है।

उन्होंने बताया कि साल 2023 में केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को संसद में पारित कराया। उन्होंने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विधेयक के दौरान उनका रवैया उनकी महिला विरोधी सोच को उजागर करता है।

सीएम योगी ने कहा, “आप आधी आबादी की गरिमा, सम्मान और उत्थान के लिए उठाए गए हर सकारात्मक कदम का विरोध करते हैं। लोकसभा में 16 और 17 अप्रैल को आपका आचरण सबने देखा।” उन्होंने पुराने के मामलों का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर हमला बोला और कहा कि राजू पाल हत्याकांड और गेस्ट हाउस कांड जैसे मामलों में उनका रवैया सामने आया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जाति के नाम पर समाज को बांटता है, लेकिन महिलाओं और पिछड़े वर्गों के प्रति उसकी संवेदना असली नहीं है। वित्तीय सहायता योजनाओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पहले सरकारों में सहायता राशि बहुत कम होती थी और उसमें भी भ्रष्टाचार होता था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार सीधे लाभार्थियों के खातों में पैसा भेजने की व्यवस्था लागू की।

उन्होंने 1995 के ‘गेस्ट हाउस कांड’ का भी जिक्र करते हुए कहा कि उस समय एक दलित महिला मुख्यमंत्री के साथ जो व्यवहार हुआ, उसे देश आज भी याद करता है, जबकि बीजेपी ने उस समय उनका सम्मान और समर्थन किया था।

यह भी पढ़ें – ‘TMC के गुंडे पंचर बनाएंगे’, ममता बनर्जी पर फिर आक्रामक हुए योगी आदित्यनाथ बोले- पिछड़ा विरोधी हैं

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर दूसरे फेज की वोटिंग बुधवार को है। उससे पहले सोमवार को चुनाव प्रचार का शोर खत्म हो गया है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आक्रामक चुनावी रैली कीं और सत्तारूढ़ टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 4 मई के बाद टीएमसी के गुंडे सड़क पर पंचर बनाएंगे। पूरी खबर पढ़ें…