Yogi Adityanath in Bengal: पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी का आक्रामक चुनाव प्रचार अपने चरम पर है। बीजेपी की तरफ से यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बीजेपी प्रत्याशियों के लिए रैली और रोड शो कर रहे हैं। गुरुवार को सीएम योगी ने बराबारी विधानसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी अरिजीत रॉय के समर्थन में प्रचार किया और वादा किया राज्य में बीजेपी की सरकार बनने के बाद राज्य में गुंडे माफिया सड़क पर झाड़ू लगाते हुए नजर आएंगे।

दरअसल, बंगाल के चुनावी रण में बाराबनी विधानसभा सीट के बीजेपी प्रत्याशी के रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस, वामपंथियों और तृणमूल कांग्रेस को कठघरे में खड़ा कर दिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा बंगाल के लिए किए विकास कार्यों को गिनाया और दावा किया कि बंगाल अब बीजेपी की सरकार आने वाली है।

‘मौलाना क्या बक रहा है…’

सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा, “टीएमसी के गुंडे, माफिया क्या कह रहे हैं, या कोई मौलाना क्या बक रहा है, आप किसी से भयभीत न होइए। डबल इंजन की भाजपा सरकार आने दीजिए, ये सभी आपकी चाटुकारिता करते और बंगाल की सड़कों पर झाड़ू लगाते दिखाई देंगे।”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बंगाल के मतदाताओं से कहा, “जब यहां मेरा कार्यक्रम लगा तो तृणमूल के गुंडे लोगों को परेशान करने लग गए। सभा न होने पाए, इसके लिए BJP का झंडा उखाड़ने का भी प्रयास किया। अरिजीत (BJP प्रत्याशी) का मतलब जो शत्रु को जीत सके, आप लोग उन्हें जिताइए और डबल इंजन सरकार लाइए, टीएमसी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।”

सीएम योगी ने याद दिलाई बीजेपी का गारंटी

सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल स्पीड से सारी समस्याओं का समाधान होगा। बीजेपी ही सुरक्षा-समृद्धि, उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। बीजेपी गारंटी देती है कि बंगाल में दंगा, कर्फ्यू नहीं लगेगा। गोमाता को कटने नहीं देंगे और हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे। पहले कांग्रेस, फिर वामपंथियों और 15 वर्ष से टीएमसी ने यहां पहचान का संकट खड़ा किया है। बंगाल कभी कल्चरल कैपिटल के रूप में देश को दिशा देता था, लेकिन इसे क्राइम कैपिटल बनाकर पहचान का संकट खड़ा किया गया।

पूर्व की सरकारों पर योगी ने लगाए आरोप

सीएम योगी ने कहा, “आजादी के बाद बंगाल विकास के पथ पर आगे चल रहा था। देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन था। इकॉनमिक लीडर के रूप में बंगाल की तूती बोलती थी। किसान प्रसन्न, नौजवान को नौकरी-रोजगार, मछली-चावल उत्पादन बढ़ रहा था, लेकिन कांग्रेस, वामपंथियों व टीएमसी ने राज्य को भ्रष्टाचार, भय व अराजकता का केंद्र बना दिया।”

सीएम योगी ने कहा, “विपक्षी पार्टियों के शासन के दौरान बंगाल में मछली उत्पादन कम हुआ और चावल उत्पादन घटा। यहां के संसाधनों पर माफिया हावी है, नौजवान के लिए नौकरी-रोजगार गायब है। किसानों को उपज का दाम नहीं मिल पाता। यूपी में आलू का दाम 15-16 रुपये किलो और बंगाल में मात्र एक-डेढ़ रुपये मिल रहा है।”

बांग्लादेशी हिंदुओं के मुद्दे पर योगी आदित्यनाथ का बंगाल में तीखा प्रहार

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एंट्री हो गई है और यहां उन्होंने बांग्लादेश में हुई हिंदुओं की हत्या का मुद्दा उठाया है। सीएम योगी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ममता पड़ोसी बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की हत्याओं पर चुप रहीं, जबकि बीजेपी नेताओं ने ऐसे हमलों की निंदा करते हुए बयान जारी किए। पढ़िए पूरी खबर…