विपक्ष पर भड़के सीएम योगी, कहा- CAA के खिलाफ दुष्प्रचार द्रौपदी के ‘चीरहरण’ जैसा; अमित शाह ने कही यह बात
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के रामकथा पार्क में सीएए के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि सीएए के खिलाफ दुष्प्रचार द्रौपदी के चीर हरण के समान है। वोट बैंक के लिए दुष्प्रचार कर रही सपा, बसपा और कांग्रेस के सहभागी नहीं बन सकते हैं।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा के लिए देश सबसे पहले है। देश की सुरक्षा के लिए सीएए लाया गया है। इस कानून के खिलाफ दुष्प्रचार द्रौपदी के चीर हरण के समान है। वोट बैंक के लिए दुष्प्रचार कर रही सपा, बसपा और कांग्रेस के सहभागी नहीं बन सकते हैं। लोगों को इस कानून के बारे में बताने के लिए घर-घर जाएंगे।
राष्ट्रहित में मोदी सरकार काम कर रही है: लखनऊ के रामकथा पार्क में मंगलवार को रैली को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा के गलत प्रचार को घर-घर जाकर बेनकाब करेगें। साथ ही उन्होंने कहा कि मोदी सरकार राष्ट्रहीत में कदम उठाए है। जो काम आजादी के समय पर किया जाना चाहिए वह अब मोदी सरकार करने का काम कर रही हैं।
सीएए पर चर्चा करने की दी चुनौती: बता दें कि इस रैली को संबोधित करने पहुंचे केद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जिसको विरोध करना हो करे, मगर सीएए वापस नहीं होने वाला है। शाह ने विपक्षी दलों को सीएए पर बहस की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा सीएए के खिलाफ प्रचार किया जा रहा है कि इससे देश के मुसलमानों की नागरिकता चली जाएगी। मैं कहने आया हूं कि जिसमें भी हिम्मत है वह इस पर चर्चा करने के लिये सार्वजनिक मंच ढूंढ ले। हम चर्चा करने के लिये तैयार हैं।
गृहमंत्री ने लगाए ”जो बोले सो निहाल” के नारे: शाह ने कहा कि सीएए की कोई भी धारा किसी भी नागरिक की नागरिकता लेती हो तो बता दें। उन्होंने कहा कि आज देश में इसके खिलाफ दंगा और धरना—प्रदर्शन कराया जा रहा है जो गलत है। गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा का सीएए के प्रति जनजागरण का अभियान इस कानून के खिलाफ दुष्प्रचार करके देश को तोड़ने की साजिश रचने वालों के खिलाफ मुहिम है। उन्होंने इस मौके पर ”जो बोले सो निहाल” का नारा भी लगवाया।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।