Republic Day: देश आज 74वां गणतंत्र दिवस (Republic Day) मना रहा है। इस मौके पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कर्तव्यपथ पर परेड के दौरान इस बार पहली बार महिला सैन्य दल और अग्निवीर (Agniveer) भी शामिल हुए। नीचे दिए गए 10 प्वाइंट्स में जानें गणतंत्र दिवस समारोह की खास बातें-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि मिस्त्र के राष्ट्रपति (Egyptian President ) अब्देल फत्ताह अल-सिसी (Abdel Fattah El-Sisi) कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। राष्ट्रपति ने कर्तव्य पथ से परेड को झंडी दिखाई और इसकी शुरुआत की। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
- परेड की शुरुआत मिस्र के सशस्त्र बलों के एक दल के मार्च के साथ हुई। दल में मिस्र के सशस्त्र बलों की मुख्य शाखाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले 144 सैनिक शामिल हुए थे।
- इस साल परेड में कई खास चीजें देखने को मिलीं, इनमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की पूरी महिला टुकड़ी का मार्च भी शामिल है। नौसेना सहित कई अन्य मार्चिंग टुकड़ियों में महिलाएं शामिल थीं। एक महिला अधिकारी के नेतृत्व में नौसेना की टुकड़ी में 3 महिलाएं और 6 अग्निवीर थे।
- इस बार शस्त्र प्रणालियों में कोई रूसी टैंक शामिल नहीं था। इस बार शस्त्र प्रणालियों में आत्मनिर्भरता को दर्शाने के लिए अर्जुन और आकाश मिसाइल सहित भारत में निर्मित अन्य प्रणालियों को प्रदर्शित किया गया।
- इस दौरान कुल 23 झांकियां प्रदर्शित की गईं। इनमें 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों और 6 विभिन्न सरकारी मंत्रालयों की झांकियां शामिल हैं।
- राष्ट्रव्यापी वंदे भारतम नृत्य प्रतियोगिता के माध्यम से चुने गए 479 कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। दूसरी बार देशव्यापी प्रतियोगिता के जरिए नर्तकियों का चयन किया गया है।
- कॉर्प्स ऑफ सिग्नल्स की डेयर डेविल्स टीम द्वारा मोटरसाइकिल पर योग प्रदर्शन समेत कई करतब दिखाए गए, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। इसके अलावा, बहादुरी, कला और संस्कृति, खेल, नवाचार और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार पाने वाले ग्यारह बच्चे भी परेड का हिस्सा बने।
- इस दौरान 45 विमानों ने एयर शो किया, जिसमें विंटेज विमान से लेकर भारतीय वायु सेना के सबसे आधुनिक जेट शामिल थे। हालांकि, कोहरे के कारण विमान उतने स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहे थे। देश के नए राफेल लड़ाकू विमान ने वर्टिकल चार्ली युद्धाभ्यास का समापन किया। हालांकि, राफेल पिछले दो सालों से परेड का हिस्सा रहा है, लेकिन यह पहली बार है जब बेड़े के नौ विमानों ने फ्लाईपास्ट में हिस्सा लिया।
- इस साल सेंट्रल विस्टा, कर्तव्य पथ, नए संसद भवन के निर्माण से जुड़े लोगों, दूध, सब्जी व रेहड़ी पटरी वालों को निमंत्रण भेजा गया था।
- गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री ने लोगों को बधाई दी और कहा कि इस बार यह विशेष है क्योंकि यह देश की आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “मेरी इच्छा है कि हम देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरा करने के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ें। सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं!”