scorecardresearch

ओमान पहुंचा जाकिर नाइक, विदेश मंत्रालय ने कहा- भारत वापस लाने की पूरी कोशिश

रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय भारतीय दूतावास स्थानीय कानूनों के तहत जाकिर नाइक को हिरासत में लेने और भारत निर्वासित करने के लिए ओमान के एजेंसियों के संपर्क में है।

zakir naik| canada| india
विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक (Source- ANI)

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि वह कट्टरपंथी विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक को भारत वापस लाने के लिए सभी आवश्यक उपाय करेगा। मीडिया ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने नाइक की ओमान यात्रा की खबरों और भारत प्रत्यर्पण के सवाल पर कहा कि हम उसे भारत की ज्यूडीशियरी के सामने लाने के लिए सभी आवश्यक उपाय करना जारी रखेंगे।

जाकिर नाइक को भारत लाने की तैयारी में सरकार

जाकिर नाइक 2016 में नफरत फैलाने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में भारत से भाग गया था। जिसके बाद भारत की आतंकवाद विरोधी एजेंसी ने उसके खिलाफ धार्मिक घृणा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज की। बागची ने कहा, “ज़ाकिर नाइक भारत में कई मामलों में आरोपी है। वह भगोड़ा है। हमने इस मामले को ओमान सरकार और ओमान के अधिकारियों के साथ उठाया है।”

ओमान पहुंचा जाकिर नाइक

नाइक के प्रत्यर्पण पर बागची ने कहा, “जहां तक ​​प्रत्यर्पण का सवाल है, मैं इसकी जांच करूंगा। मुझे लगता है कि जिन देशों के साथ हमारी प्रत्यर्पण संधि है, उनकी सूची पहले से ही सार्वजनिक डोमेन में है।” भारत से भागे कट्टरपंथी विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक ओमान पहुंच गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ओमान की सरकार ने 23 और 25 मार्च को राजधानी मस्कट में दो लेक्चर देने के लिए जाकिर नाइक को आमंत्रित किया है।

इस बीच जाकिर नाइक का एक वीडियो सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि उसका स्वागत पुलिस सिक्योरिटी के साथ किया जा रहा है। जाकिर के साथ उसका बेटा फारिक नाइक भी है। कट्टरपंथी जाकिर नाइक ने ओमान में अपनी स्‍पीच के दौरान भारत के खिलाफ जमकर जहर उगला। वीडियो में जाकिर नाइक कार में बैठा है और उसके पीछे पुलिस की गाड़ियां चल रही हैं। एक अन्य वीडियो जारी कर जाकिर नाइक ने बताया कि वह सुरक्षित ओमान पहुंच गया है। उसने ओमान की सरकार का स्वागत के लिए धन्यवाद किया। जाकिर नाइक ओमान में एक राजकीय मेहमान है।

2016 से मलेशिया में रह रहा है नाइक

इससे पहले कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा था कि उसे ओमान से निर्वासित किया जा सकता है। भारत की ओर से कहा गया था कि ओमान में इसे न आने दिया जाए। गौरतलब है कि जाकिर नाइक एक विवादित भारतीय इस्लामिक उपदेशक है जो 2016 से मलेशिया में रह रहा है। दरअसल, जाकिर नाइक पर आरोप है कि वह मुस्लिम युवाओं को भारत और विदेशों में आतंकी गतिविधि में शामिल होने के लिए उकसाता है।

पढें राष्ट्रीय (National News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 24-03-2023 at 18:33 IST