पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह ने बड़ा बयान दिया है। समाचार एजेंसी PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक हरदीप पुरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतें कम हो गई हैं, लेकिन सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (OMCs) अभी भी पश्चिम एशिया में युद्ध के दौरान खरीदे गए क्रूड को प्रोसेस कर रही हैं।

रिपोर्ट के अनुसार हरदीप सिंह पुरी ने कहा, “ऑयल कंपनियों को 30 जून तक पेट्रोल, डीज़ल और LPG को कॉस्ट से कम पर बेचने से 74,781 करोड़ का नुकसान हुआ है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतें कम हो गई हैं, लेकिन कंपनियां अभी भी वेस्ट एशिया संकट के पीक पर खरीदे गए क्रूड को प्रोसेस कर रही हैं।”

कब कम होंगी कीमतें?

पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में कटौती होगी या नहीं, इस पर हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अगर अगले कुछ हफ्तों तक तेल की कीमतें कम रहती हैं तो यह एक जायज़ सवाल होगा। हरदीप पुरी ने कहा कि रिफाइनरी तेल उत्पादन के लिए कच्चा तेल आमतौर पर करीब 2 महीने पहले खरीदती हैं। ऐसे में जो पेट्रोल और डीजल अभी मिल रहा है वह मुख्य रूप से अप्रैल या मई की शुरुआत में खरीदा गया था, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें अपने उच्चतम स्तर पर थी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जैसे ही महंगे कच्चे तेल का पुराना स्टॉक खत्म होगा और नया स्टॉक का क्रूड रिफाइन होना शुरू होगा, वैसे ही वित्तीय घाटा कम होने लगेगा।

रिफाइनिंग कैपेसिटी को बढ़ाना है लक्ष्य

हरदीप सिंह पुरी ने कहा, “मैंने कल इस मंत्रालय और पब्लिक सेक्टर यूनिट्स से जुड़े हमारे कैपिटल खर्च का रिव्यू किया। हमारे पास अलग-अलग प्रोजेक्ट्स हैं जो एडवांस स्टेज पर हैं, जिसमें रिफाइनरी भी शामिल हैं, जो अगले 6 से 12 महीनों में शुरू हो जाएंगी। इससे हमारी रिफाइनिंग कैपेसिटी 300 मिलियन मीट्रिक टन सालाना हो जाएगी। यह एक ध्यान देने लायक और शानदार आंकड़ा है। हमने अच्छा क्यों किया और बिना किसी बंदी और सूखे के संकट से कैसे बाहर निकले? मार्च, अप्रैल, मई और जून के पूरे समय में कोई सूखा नहीं था। कुल मिलाकर, कोई रुकावट, कमी या कतारें नहीं थीं।”

नायरा एनर्जी ने घटाई दरें

बता दें कि एक जुलाई को ही  नायरा एनर्जी ने पेट्रोल-डीजल के दाम घटा दिए। आम लोगों को राहत देते हुए नायरा एनर्जी ने अपने 7000 पंपों पर नई दरें बुधवार (1 जुलाई 2026) से लागू कर दी हैं। नायरा पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है। पढ़ें पूरी खबर