लोकसभा में पिछले तीन दिनों ने जमकर हंगामा हो रहा है। सदन के अंदर दिखाई दे रही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच की ‘रार’ बुधवार को सदन के बाहर भी दिखाई दी। सदन के बाहर कांग्रेस सांसदों के साथ प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी और बीजेपी सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने एक-दूसरे पर ‘शब्द बाण’ छोड़े।
दरअसल बुधवार को राहुल गांधी कांग्रेस सांसदों के साथ मकर द्वार पर प्रदर्शन कर रहे थे, तभी वहां से गुजर रहे बीजेपी के राज्यसभा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने उनपर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘ये जंंग जीत कर आए हैं।’
रवनीत सिंह बिट्टू की इस टिप्पणी का जवाब खुद राहुल गांधी ने दिया। राहुल गांधी ने रवनीत सिंह बिट्टू को देखकर कहा, “देखो, एक गद्दार ठीक बगल से गुजर रहा है। उसका चेहरा देखो…”
रवनीत सिंह बिट्टू जब पास आए तो राहुल गांधी ने उनसे हाथ मिलाने के लिए हाथ आगे बढ़ाया और कहा, “हेल्लो भाई, मेरे धोखेबाज दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस आओगे।” इस पर रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, “मैं देश के दुश्मन के साथ हाथ नहीं मिलाऊंगा।”
‘खुद को भारत का मालिक समझते हैं राहुल गांधी’
बाद में एक वीडियो के जरिए रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि राहुल गांधी को लगता है कि वो सबसे बड़े देशभक्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार ने पंजाब में आग लगाई थी। हमारे सबसे बड़े गुरुद्वारे में गोलियां चलाईं गईं, हजारों सिखों और पंजाबियों का मर्डर करवाया।
उन्होंने कहा, “अगर राजीव गांधी गांधी शहीद हैं तो साथ में बेअंत सिंह को भी शहीद कहना चाहिए। जितनी देर मैं आपके साथ था तो सही था, अब अगर मैं बीजेपी में हूं तो आप मुझे इन शब्दों से संबोधित कर रहे हैं। ये चीज कहते ये हाथ आगे कर रहे हैं, जैसे ये कोई शहंशाह हों, वो खुद को दुनिया और देश का मालिक समझते हैं।”
कौन हैं रवनीत सिंह बिट्टू?
रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिह के पोते हैं। रवनीत पहले कांग्रेस पार्टी के सांसद रह चुके हैं। उन्होंने साल 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पाला बदल लिया था और बीजेपी में शामिल हो गए थे। हालांकि वह लुधियाना लोकसभा सीट से चुनाव हार गए थे। इस समय वह राज्यसभा सांसद हैं और रेल राज्य मंत्री है। अब जानिए हारने के बावजूद बीजेपी ने रवनीत सिंह बिट्टू को क्यों बनाया मंत्री
