श्रीनगर के सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी ने मंगलवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस और संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से इस्तीफा दे दिया है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पार्टी नेतृत्व के साथ लगातार मतभेदों के बीच उन्होंने यह कदम उठाया है।

द इंडियन एक्सप्रेस के साथ इंटरव्यू में आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी ने बताया कि उन्हें लगता है कि सीएम ने 2024 के विधानसभा चुनावों में मिले भारी जनादेश के साथ धोखा किया है, उन्होंने इसका कारण भी बताया। उन्होंने यह भी बताया कि उनके अनुसार एनसी क्यों कमजोर हो रही है और वे कश्मीर में एक राजनीतिक विकल्प की तलाश क्यों कर रहे हैं।

सवाल- आपने हाल ही में 24 साल बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस का साथ आखिर क्यों छोड़ दिया?

मेहदी ने जवाब में कहा- अपने चुनाव प्रचार के दौरान, मुख्यमंत्री (उमर) ने कहा था कि राज्य का दर्जा बहाल करना उनका मुद्दा नहीं है, उनका मुख्य मुद्दा आर्टिकल 370 को बहाल करना है। लेकिन चुनाव जीतने के तुरंत बाद, उन्होंने अपना रुख बदल लिया और कहा कि आर्टिकल 370 की बहाली उनकी लड़ाई नहीं है, बल्कि वे राज्य का दर्जा वापस पाने के लिए लड़ेंगे। उन्होंने वही भाषा बोली जो भाजपा चाहती थी कि लोग बोलें। व्यक्तिगत रूप से यह एक धोखा है और मैं किसी भी तरह के छल, झूठ या धोखे का हिस्सा नहीं बनना चाहता। खासकर तब, जब हमारे सामने राजनीतिक पहचान, राजनीतिक स्वायत्तता और धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान को लेकर अस्तित्व का संकट हो; हमारी डेमोग्राफी खतरे में है। हमारे पास झूठ या धोखे के लिए कोई स्थान नहीं है।

सवाल- लेकिन दो सालों तक आप पार्टी में रहकर लड़ते रहे ऐसे में अब आपने उम्मीद क्यों छोड़ दी?

जवाब- मुझे स्पष्टता चाहिए थी और यह स्पष्टता मुझे पार्टी अध्यक्ष (फारूक अब्दुल्ला) ने खुद दी। उन्होंने कहा कि अगर आगा रुहुल्लाह को लगता है कि धारा 370 को बहाल किया जा सकता है तो वे जाकर इसे बहाल करवा लें। इसका सीधा मतलब यह है कि वे खुद नहीं मानते कि धारा 370 को बहाल किया जा सकता है। मेरे लिए यह समझने के लिए काफी था कि यह संगठन अपनी विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध नहीं है। इसने वही गलती दोहराई है, जिसके बारे में लोग कहते हैं कि इसने अतीत में भी की थी। पहले इसने दिल्ली की ताकतों के सामने घुटने टेक दिए थे और इस बार इसने भाजपा के सामने घुटने टेक दिए हैं।

सवाल- क्या भाजपा को उम्मीद है कि यह बहाल हो सकता है, जिसने इसे खत्म किया?

जवाब- चुनावों के दौरान सीएम उमर अब्दुल्ला ने ऐसी बातें नहीं कही थीं। उन्होंने इसके बिल्कुल उलट बातें कही थीं। उन्होंने कहा था कि भाजपा को चुनौती देना हमारा काम है। या तो वे तब झूठ बोल रहे थे, या फिर अब झूठ बोल रहे हैं। दोनों ही स्थितियों में, उन्होंने झूठ और धोखे की राजनीति की है जिसे मेरे लिए आगे जारी रखना बहुत मुश्किल है। मैं उसूलों और पक्के इरादों में यकीन रखता हूँ।

सवाल- आपने श्रीनगर सांसद के पद से भी इस्तीफा क्यों दे दिया है?

जवाब- तकनीकी रूप से, वह चुनाव चिह्न मेरे पास है और उस चुनाव चिह्न के जरिए पार्टी का मेरी सीट पर दावा बनता है।

सवाल- आप अगले चुनाव में एनसी को कहां देखते हैं?

जवाब- यह पहले से ही पतन की ओर था। 2014 में इसे मुश्किल से 15 विधानसभा सीटें हासिल थीं। आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद लोग भाजपा के खिलाफ वोट देना चाहते थे और अपना विरोध जताना चाहते थे यानी संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से उनके फैसलों के खिलाफ बगावत करना चाहते थे। उनके पास कोई और विकल्प नहीं था क्योंकि दूसरा विकल्प PDP भी वही धोखा दे चुका था इसलिए लोगों ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) को ‘कम बुरा’ विकल्प माना। हो सकता है कि संसद में मेरी निजी कोशिशों ने भी पार्टी को एक ऐसे विकल्प के रूप में पेश करने में मदद की हो, जो ‘कम बुरा’ है और जिसे एक और मौका दिया जा सकता है। मुझे लगता है कि इसी वजह से NC को फिर से उठने और अपनी गलतियों को सुधारने का मौका मिला था। लेकिन उन्होंने यह मौका गंवा दिया। 2014 में ही साफ हो गया था कि आगे क्या होने वाला है। अब हालात और भी खराब होने वाले हैं, क्योंकि उन्होंने फिर से धोखा दिया है। मुझे नहीं लगता कि इस बार लोग उन्हें माफ करेंगे। PDP इसका एक ताजा उदाहरण है। उन्होंने भी 2014 में कुछ ऐसा ही धोखा दिया था। उस धोखे के 10 साल बाद चुनाव हुए, लेकिन लोगों को वह सब अभी भी अच्छी तरह याद था।

सवाल- आपके मुताबिक एनसी कमजोर हो रही है और पीडीपी चुनाव में मुश्किल से तीन सीटें ही जीत पाई है, तो क्या कश्मीर में किसी और राजनीतिक पार्टी की गुंजाइश और जरूरत है?

जवाब- इसमें सुधार की न केवल गुंजाइश है, बल्कि जरूरत भी है। यह सुधार इन राजनीतिक दलों की ओर से नहीं, बल्कि समाज को करना चाहिए। इन दोनों राजनीतिक संगठनों में समानता यह है कि दोनों में ही चरित्र की कमी है और इनके बीच एकमात्र अंतर इनके नामों का है। समस्या को समझने के लिए, यह देखना जरूरी है कि असल परेशानी कहाँ है। परेशानी उनके चरित्र में है। उनमें दृढ़ विश्वास और सिद्धांतों की कमी है। इसलिए, ऐसे लोगों की पहचान करने की जरूरत है जो सिद्धांतों में भरोसा रखते हों, जिनमें कुछ पक्का यकीन हो और जिनका नैतिक व राजनीतिक चरित्र मजबूत हो ताकि वे बागडोर अपने हाथों में ले सकें। यह बदलाव किस रूप में सामने आता है, यह एक सवाल है। एक बदलाव की जरूरत है चरित्र में बदलाव, और राजनीति को देखने-समझने के नजरिए में बदलाव होना चाहिए।

सवाल- पर क्या इसे कश्मीरी मुस्लिम वोटों को बांटने और भाजपा के इशारों पर चलने के तौर पर नहीं देखा जाएगा?

जवाब- पिछले विधानसभा चुनावों में, जब मैं पार्टी के लिए प्रचार कर रहा था, तो मेरा यही तर्क था। मैंने कहा था कि हम और अधिक बंटने का जोखिम नहीं उठा सकते, क्योंकि इससे बीजेपी को फायदा होगा। हाँ, हम एकजुटता चाहते थे और हमें एकजुटता मिली भी, लेकिन इस एकजुटता से हासिल क्या हुआ? इस एकजुटता से वही नतीजा निकला जो बीजेपी चाहती थी। इसलिए, सिर्फ एकजुटता के नाम पर एकजुट होना काफी नहीं है। किसी खास मकसद के लिए एकजुट होना जरूरी है। किसी मकसद के लिए एकजुट होने के वास्ते, आपको शायद कुछ स्थानीय ताकतों को हराना पड़े। यह भले ही बंटवारे जैसा लगे, लेकिन यह बंटवारा नहीं है। यह तो सही दिशा में लौटने की कोशिश है।

सवाल- क्या आप अपनी पार्टी बनाने की योजना बना रहे हैं?

जवाब- मैं पहले से ही कुछ लोगों बात कर रहा हूँ। मैं ऐसे लोगों की तलाश कर रहा हूँ जिन पर कोई बोझ न हो या बहुत कम बोझ हो। ऐसे लोग, जिनमें इस रास्ते पर चलने का इरादा या इच्छाशक्ति हो। वे अलग-अलग क्षेत्रों से हो सकते हैं। यह एक मुश्किल काम है, लेकिन मैं इसे करना चाहता हूँ। मैं यह जिम्मेदारी लेना चाहता हूँ क्योंकि मेरी नजर में, इस हालात का यही एकमात्र उपाय है। जब तक मुझे ऐसे लोगों की एक अच्छी टीम नहीं मिल जाती, तब तक मैं किसी भी तरह की कोई घोषणा नहीं करूँगा। मुझे ऐसे लोगों की तलाश है जिन पर भरोसा किया जा सके। एक बार जब मुझे ऐसे लोग मिल जाएँगे, तब हम इसके स्वरूप या नाम के बारे में सोच सकते हैं।

सवाल- क्या आप संसदीय उपचुनाव में मैदान पर उतरेंगे?

जवाब- अगर मुझे उपचुनाव लड़ने की आवश्यकता महसूस हुई तो, तो मैं निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ सकता हूँ।

सवाल- अब मुख्यमंत्री की बात करते हैं आपको क्या लगता है, वे और क्या कर सकते थे?

जवाब- उन्होंने अपनी बयानबाजी को कम कर दिया और जनता के जनादेश तथा उनकी आकांक्षाओं को राष्ट्रीय राजनीति की चर्चा का हिस्सा नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नहीं सुनेगी। लद्दाख ने हमें दिखाया कि लद्दाख के लोगों ने उसी भाजपा को फिर से बातचीत की मेज पर ला खड़ा किया। उन्होंने उसी भाजपा को चुनौती दी… वे बाकी भारत तक पहुँच सकते थे। वे विपक्षी दलों से संपर्क कर सकते थे। वे दक्षिण से लेकर उत्तर तक जनमत को एकजुट कर सकते थे।

सवाल- इस पर NC सदन में दो प्रस्ताव लेकर आई। एक प्रस्ताव खुद मुख्यमंत्री की ओर से था।

जवाब- उन्होंने आर्टिकल 370 से जुड़ी किसी भी आकांक्षा या संघर्ष को ही अमान्य कर दिया। ये वही मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने दो साल में दो प्रस्ताव पेश किए, और दूसरे प्रस्ताव के जरिए पहले वाले प्रस्ताव को कमजोर कर दिया। उन्होंने हर संभव कोशिश की कि इसे कमजोर किया जा सके। इससे मुझे एक और प्रस्ताव याद आता है, जिसे उन्होंने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में पारित नहीं होने दिया वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ प्रस्ताव। यह इकलौती मुस्लिम-बहुसंख्यक विधानसभा है, और विडंबना यह है कि यहाँ यह प्रस्ताव पारित नहीं हो सका। जबकि पंजाब और तमिलनाडु ने ऐसा कर दिखाया।

सवाल- उमर भी अपने विधायकों के साथ विरोध प्रदर्शन करने दिल्ली गए थे। क्या गड़बड़ हो गई?

जवाब- कुछ गड़बड़ नहीं हुआ। वह बस ऑटो रिक्शा में सेल्फी लेना चाहते थे और उन्होंने ली भी। वह भाजपा को संदेश देना चाहते थे कि वे मैं आपके लिए खतरा नहीं हूं और यह बस ड्रामा है। वह अपना यह संदेश पहुँचाने में कामयाब रहे। उमर के लिए तो कुछ भी गलत नहीं हुआ, लेकिन जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए सब कुछ गलत हो गया। उस दिन हमारे साथ एक बार फिर धोखा हुआ। खुद को सबसे बड़ा कैडर-आधारित राजनीतिक दल बताने वाली पार्टी, इस अहम मकसद के लिए दिल्ली में 100 लोग भी इकट्ठा नहीं कर सकी। जो संगठन अपनी चुनावी रैलियों में हज़ारों लोगों को जुटा लेता है, और जहाँ लोग मंत्री पद पाने के लिए हज़ारों की भीड़ इकट्ठा कर लेते हैं, वह संगठन जम्मू-कश्मीर के लोगों के इस मुद्दे के लिए दिल्ली में 100 लोग भी नहीं जुटा पाया।

सवाल- एक तर्क यह हो सकता है कि उमर को सुलह और टकराव में से किसी एक को चुनना था, और उन्होंने सुलह का रास्ता चुना?

जवाब- और वह सुलह के ज़रिए क्या हासिल करना चाहते थे? क्या यह सुलह थी या आत्मसमर्पण? यह आत्मसमर्पण था। अगर वह सुलह के जरिए राज्य का दर्जा पाना चाहते थे, तो उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान इस सुलह के बारे में बात क्यों नहीं की? अगर बीजेपी के साथ गठबंधन करने वाले दलों ने चुनाव प्रचार में इसी सुलह की बात की थी, तो इस मुख्यमंत्री ने उन्हें बीजेपी का मोहरा (प्रॉक्सी) क्यों बताया? तब सुलह एक बुरी चीज क्यों थी? तब बीजेपी का मोहरा होना सुलह कैसे था, और उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद यही सुलह एक पवित्र चीज़ कैसे बन गई? यह उनके आत्मसमर्पण को सही ठहराने की कोशिश है।

सवाल- क्या आपको इस बात की कोई आशंका है कि आप पर लोगों को बांटने का आरोप लग सकता है?

जवाब- दुर्भाग्य से, जिन लोगों ने उन्हें (NC नेतृत्व को) चुनौती दी और जो उदाहरण बताए, वे कभी भी वैचारिक स्तर पर नहीं थे। यह हमेशा सत्ता की खींचतान रही है… पार्टी के भीतर से उन्हें आज तक कोई वैचारिक चुनौती नहीं मिली। जब भी उन्हें कोई वैचारिक चुनौती मिली, तो वे उसका सामना नहीं कर पाए। PDP ने कुछ समय के लिए उन्हें वैचारिक चुनौती देने की कोशिश की, जिसे नेशनल कॉन्फ्रेंस बर्दाश्त नहीं कर सकी।

जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के बीच 30-40 सालों तक एक वैचारिक चुनौती और वर्चस्व की लड़ाई चलती रही। मैं हुर्रियत कॉन्फ्रेंस का समर्थन नहीं कर रहा हूँ; दुर्भाग्य से, वे दूसरे छोर पर थे। लेकिन जब वैचारिक चुनौती की बात आई, तो सड़कों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस का नहीं, बल्कि दूसरे पक्ष का कंट्रोल था। जब भी उनके सामने कोई वैचारिक चुनौती आई, वे टिक नहीं पाए। मेरी लड़ाई एक तरह की वैचारिक लड़ाई है, जिसे संभालना नेशनल कॉन्फ्रेंस के लिए बहुत मुश्किल होगा।

यह भी पढ़ें: ‘आप बीजेपी और आरएसएस के गुलाम निकले’, आगा रुहुल्लाह मेहदी ने छोड़ी नेशनल कॉन्फ्रेंस, लोकसभा की सदस्यता से भी दिया इस्तीफा

श्रीनगर लोकसभा सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने अपने पिता की 26वीं पुण्यतिथि पर, अपनी संसदीय सीट और जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी से इस्तीफा देने की आधिकारिक घोषणा की। साथ ही उन्होंने फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला पर जमकर निशाना साधा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें