चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में मतगणना जारी है। 2026 में इन राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के आज परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बीच सबकी नजर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम पर है। रुझानों पर नेताओं का रिएक्शन आना शुरू हो गया है। इसी बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी प्रभारी कन्हैया कुमार ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा है।

कन्हैया ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “अगर बीजेपी बंगाल में भी नहीं जीतेगी तो हमारा चुनाव आयोग से भरोसा उठ जाएगा।” गौरतलब है कि बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने रुझानों में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। अगर आखिरी परिणाम भी यही हुआ तो तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की लगातार चौथी बार सत्ता में आने की महत्वाकांक्षा को बड़ा झटका लग सकता है।

चुनाव आयोग (ECI) के रुझानों के अनुसार रुझानों में भाजपा 156 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि तृणमूल कांग्रेस केवल 86 सीटों पर ही आगे है। जबकि बीजीपीएम (TMC सहयोगी) 1 सीट पर आगे चल रही है। इस प्रदर्शन के साथ, भाजपा पश्चिम बंगाल में अपनी पहली सरकार बनाने की राह पर है। पार्टी ने उस राज्य के दुर्ग को ढहा दिया है जहां 15 वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस का शासन रहा और उससे पहले 34 वर्षों तक कम्युनिस्टों (वामपंथियों) का राज था।

पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा, “भाजपा 180 से ज्यादा सीटों के साथ सरकार बनाएगी।”

हालांकि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने रुझानों को शुरुआती बताया है। न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए खेड़ा ने कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी और हमारी सहयोगी पार्टियां सभी पांच राज्यों में मजबूत जीत दर्ज करेंगे।”

उन्होंने कहा कि नतीजों की स्पष्ट तस्वीर दिन के दूसरे हिस्से में सामने आएगी और आखिरकार लोकतंत्र की जीत होगी। उन्होंने कहा, “थोड़ा इंतजार कीजिए। अभी बहुत शुरुआती रुझान हैं। स्थिति 11-12 बजे के बाद ही साफ होने लगती है और तब भी बदलाव संभव है। लोकतंत्र जीतेगा। जहां-जहां हम सीधे मुकाबले में हैं और हमारी स्थिति मजबूत है, वहां हम जीत के प्रति आश्वस्त हैं।”

यह भी पढ़ें – चुनाव आयोग के रुझानों में बंगाल में BJP को बहुमत, अभी तक TMC ने नहीं पार किया 100 का आंकड़ा

देश के 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश (असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल) में हुए विधानसभा चुनाव के तहत मतगणना जारी है। पश्चिम बंगाल में मतगणना के रुझानों में बीजेपी को बड़ी सफलता मिल रही है और पूर्ण बहुमत मिलने की संभावना है, जबकि टीएमसी सत्ता से बाहर होती दिख रही है। Vidhan Sabha Chunav Parinaam LIVE