महाराष्ट्र की राजनीति में अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। खबर है कि आज, शनिवार को अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकती हैं। हालांकि, इस बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि अजित पवार के जाने के बाद क्या महाराष्ट्र का मंत्रिमंडल भी पूरी तरह बदल जाएगा।

एबीपी न्यूज़ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अजित पवार के पास रहा वित्त मंत्रालय अब सीधे मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के पास जा सकता है। वहीं, सुनेत्रा पवार को खेल विभाग और राज्य उत्पादन शुल्क विभाग सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है, तो वित्त विभाग फिलहाल देवेंद्र फड़नवीस के पास ही रहेगा और इस बार का महाराष्ट्र बजट भी वही पेश कर सकते हैं।

महाराष्ट्र सरकार में जहां एक ओर मंत्रिमंडल में बदलाव के संकेत दिख रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ एनसीपी के भीतर भी हलचल तेज हो गई है। दरअसल, यह चर्चा पहले से थी कि अजित पवार चाहते थे कि एनसीपी के दोनों गुटों का एक बार फिर विलय हो जाए। उनके निधन के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल 8 फरवरी को ही दोनों गुटों के विलय का ऐलान हो सकता था, लेकिन हालात किस दिशा में जाएंगे, यह अभी साफ नहीं है। इतना जरूर है कि एनसीपी के कई नेता इस संभावित विलय को लेकर सहज नहीं हैं और अपनी नाराजगी भी खुलकर जाहिर कर रहे हैं।

जहां तक सुनेत्रा पवार की शपथ ग्रहण की बात है, तो बताया जा रहा है कि राज्यपाल आचार्य देवव्रत देहरादून से मुंबई पहुंचने वाले हैं। इसके बाद शाम 5 बजे शपथ ग्रहण समारोह शुरू होगा। वहीं, सुनेत्रा पवार अपने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देंगी। इस्तीफे के बाद दोपहर में विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- क्या शरद पवार ने लगा दी मुहर?