Ind Vs Pak Match: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने मालेगांव के डिप्टी मेयर के ऑफिस में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाने की आलोचना की है। वहीं शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने सवाल उठाया कि देवेंद्र फड़नवीस पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने की निंदा क्यों नहीं करते, जबकि पाकिस्तान टीपू सुल्तान को अपना नायक और महान योद्धा मानता है।
संजय राउत ने कहा कि पाकिस्तान टीपू सुल्तान को हीरो मानता है, जैसे हम छत्रपति शिवाजी महाराज को मानते हैं, पाकिस्तान में टीपू सुल्तान हीरो हैं। अगर भारत उस पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलता है, तो देवेंद्र फड़नवीस और दूसरे BJP नेताओं को इसका विरोध करना चाहिए। पाकिस्तान में टीपू सुल्तान के स्मारक और मूर्तियां हैं। उनके लिए वह एक योद्धा हैं। अगर ऐसा है, तो देवेंद्र फड़नवीस की देशभक्ति सिर चढ़कर बोल रही है, तो उन्हें कहना चाहिए कि वे पाकिस्तान के साथ क्रिकेट नहीं खेलेंगे।
इस क्रिकेट से पैसा कमाया जाता है- संजय राउत
शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने आगे कहा, “इस क्रिकेट से पैसा कमाया जाता है। सैकड़ों, सैकड़ों करोड़ रुपये कमाए जाते हैं। सबसे ज्यादा सट्टा भारत-पाकिस्तान मैच पर लगता है। पिछले मैच से पाकिस्तान 25 हजार करोड़ हार गया। उस सट्टे का कुछ हिस्सा कुछ लोगों को जाता है। सबसे ज्यादा सट्टा पाकिस्तान पर लगता है। यही पैसा पुलवामा, उरी, पहलगाम में आने वाले आतंकवादियों को दिया जाता है। नरेंद्र मोदी, अमित शाह और देवेंद्र फड़नवीस के ये दोगलेपन सामने आ रहे हैं। क्या बीजेपी का एक भी आदमी कह रहा है कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए? आप उस पाकिस्तान के साथ क्रिकेट कैसे खेल सकते हैं जो टीपू सुल्तान को हीरो, योद्धा मानता है।”
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा था?
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा था कि टीपू सुल्तान छत्रपति शिवाजी महाराज के बराबर योद्धा थे। उनके इस बयान से बीजेपी काफी आक्रामक हो गई है। इस बारे में पूछे जाने पर संजय राउत ने कहा कि टीपू सुल्तान और छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना नहीं की जा सकती। हम इस पर हर्षवर्धन सपकाल और कांग्रेस से अलग से चर्चा करेंगे। लेकिन मूल मुद्दा यह है कि क्या भारत पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलेगा। बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला कुछ ही घंटों में शुरू होने वाला है। इस मुकाबले से पहले कोलंबो के मौसम ने सभी की टेंशन बढ़ा दी है। पढ़ें पूरी खबर…
