आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंंत्री और जनसेना पार्टी के चीफ पवन कल्याण ने सोमवार को कहा कि उन्हें तमिलनाडु के सीएम जोसेफ विजय को तेजी से सफलता पाते देख थोड़ी जलन महसूस हुई। अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आजकल तमिलनाडु की राजनीति को देखकर उन्हें ऐसा लगता है कि दूसरों के लिए चीजें ज्यादा आसान हैं।
उन्होंने हंसते हुए कहा, “मैं आजकल तमिलनाडु की राजनीति को देखता हूं, उन्होंने इसे कितने बेफिक्र अंदाज में किया है। मुझे जलन हुई, उन्होंने कटआउट और होलोग्राम का इस्तेमाल करके खुशी-खुशी जीत हासिल कर ली।” इसके बाद पवन कल्याण ने कहा, “मैं 15 साल से सड़कों पर घूम रहा हूं।”
पवन कल्याण ने कहा कि एक पॉलिटिक्ल पार्टी को मैनेज करने का मतलब है कि हजारों लाखों लोगों को संगठित करना। हम अपने परिवार के लोगों को ही एक चीज पर एकमत नहीं करवा पाते हैं। उन्होंने कहा कि एक पार्टी शुरू करना और समाज को बदलने का प्रयास करना एक बहुत बड़ा जोखिम था।
पहले कहा था- आंध्र और तमिलनाडु में अंतर
इससे पहले पवन कल्याण ने दक्षिणी राज्यों – आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु – की राजनीति और नेतृत्व के बीच सीधी तुलना को खारिज कर दिया था। अमरावती में उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा था कि आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु की सियासत की तुलना नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी कहा था कि आंध्र प्रदेश के लिए गठबंधन आधारित अप्रोच ज्यादा बेहतर है, चाहे समय ज्यादा लगे।
पवन कल्याण ने 2014 में बनाई थी जनसेना पार्टी
एक्टिंग की दुनिया से राजनीति में आए पवन कल्याण ने साल 2014 में जनसेना पार्टी की स्थापना की थी। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी सिर्फ एक सीट जीती। पवन कल्याण दोनों सीटों पर चुनाव हार गए थे। इसके बाद कयास लगाए जाने लगे कि उनकी पार्टी आंध्र प्रदेश की सियासत में टिक पाएगी या नहीं।
अपने समर्थकों के बीच ‘पावर स्टार’ के रूप में पहचाने जाने वाले पवन कल्याण ने 2019 के झटके बाद अपने संगठन पर मेहनत की और बीजेपी व टीडीपी के साथ गठबंधन किया। 2024 के आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनसेना पार्टी ने 21 सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी पर जीत हासिल की। खुद पवन कल्याण पीथापुरम विधानसभा सीट से 70 हजार वोटों से चुनाव जीते।
यह भी पढ़ें: जोसेफ विजय की नजरें अकेले बहुमत छूने पर, जानिए क्या है ऑपरेशन L
AIADMK के बागी तीन विधायकों ने सोमवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया और तमिलगा वेट्री कडगम (टीवीके) में शामिल हो गए। अब टीवीके के इस कदम से तमिलनाडु के राजनीति में चर्चा शुरू हो गई है कि टीवीके अपनी बहुमत जुटाने की योजना में लगी हुई। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
