अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की है। मध्यावधि चुनावों के नतीजों के बाद भारत के सामने अमेरिका के साथ अपने संबंधों को लेकर कुछ तात्कालिक और दीर्घकालिक चुनौतियां और जिम्मेदारियां भी आ गई हैं।

भारत को सबसे पहला काम ट्रंप प्रशासन के साथ बातचीत को तेज करने का होना चाहिए। काफी वक्त से लंबित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरा करना और ऊर्जा, रक्षा तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को भी भारत को आगे बढ़ाना होगा।

डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत इस बात की गारंटी नहीं देती कि वे 2028 का राष्ट्रपति चुनाव भी जीतेंगे या अगले संसदीय कार्यकाल में भी उनका दबदबा बना रहेगा। अमेरिकी मतदाताओं के बदलते मूड पर बहुत ज्यादा ध्यान देने के बजाय, भारत को अमेरिका की राजनीतिक विविधता को फिर से समझना चाहिए और वहां के तेजी से बदलते राजनीतिक परिदृश्य में नए सिरे से रिश्ते बनाने चाहिए।

आने वाले सालों में केवल ट्रंप ही राजनीतिक परिदृश्य से ओझल नहीं होंगे, बल्कि डेमोक्रेटिक पार्टी के जाने-पहचाने चेहरे- जैसे क्लिंटन परिवार, ओबामा और बाइडेन भी अब नई पीढ़ी के लिए जगह छोड़ रहे हैं।

अगर भारत दक्षिणपंथी ‘MAGA’ (मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) आंदोलन की ताकत देखकर हैरान रह गया था तो उसे डेमोक्रेटिक खेमे में उभरती प्रगतिशील ताकतों से मिलने वाले संभावित झटकों के लिए भी तैयार रहना चाहिए।

ट्रंप और पीएम मोदी की हो सकती है मुलाकात

तत्काल रूप से देखें तो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास ट्रंप से मुलाकात करने के दो मौके हो सकते हैं। इस महीने मनीला में होने वाले ‘ईस्ट एशिया समिट’ (पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन) में और दिसंबर में मियामी में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में। ये मुलाकातें दिल्ली को एक उथल-पुथल भरे दौर के बाद अपनी साझेदारी को फिर से मजबूत करने का मौका देंगी। ट्रंप अभी दो साल से अधिक समय तक सत्ता में रहेंगे और व्हाइट हाउस में अपने आखिरी दिन तक विदेश नीति पर उनका काफी नियंत्रण बना रहेगा।

तीन तरह की चुनौतियां

भारतीय राजनीतिक वर्ग के सामने तीन तरह की चुनौतियां हैं। पहली चुनौती यह है कि वे अमेरिका के बारे में अपनी समझ (जैसे कि रिपब्लिकन “अच्छे” हैं और डेमोक्रेट “बुरे” या इसके उलट) से बाहर निकलें। साथ ही, वहां होने वाली घटनाओं पर बहुत अधिक भावनात्मक प्रतिक्रिया देने से बचें। वाशिंगटन में अक्सर किसी अधिकारी की एक छोटी सी टिप्पणी को भी दोनों देशों के रिश्तों में एक बड़ी घटना मान लिया जाता है।

भारत को अमेरिका की संरचनाओं, वहां के बदलते आंतरिक घटनाक्रमों और अमेरिकी नीतियों पर उनके असर को बेहतर ढंग से समझने की जरूरत है।

न तो रिपब्लिकन पार्टी और न ही डेमोक्रेटिक पार्टी की कोई स्थायी वैचारिक पहचान है और उनके भीतर के मतभेद अक्सर उतने ही गहरे होते हैं जितने कि उनके बीच के मतभेद। राजनीतिक दलों की सीमाओं के पार बनते-बिगड़ते गठबंधन, अमेरिका की घरेलू और विदेशी नीतियों को लगातार आकार दे रहे हैं।

अमेरिकी राजनीति के विभिन्न पहलुओं और इसके बदलते गठबंधनों को समझना, दिल्ली में सफल नीतियां बनाने के लिए बहुत जरूरी है।

दूसरी बात, इस धारणा को छोड़ना होगा कि अमेरिका को भारत की जरूरत, भारत को अमेरिका की जरूरत से ज्यादा है। इस सोच ने एक तरह की अनावश्यक निश्चिंतता पैदा कर दी थी, जिसे ट्रंप के दूसरे कार्यकाल ने पूरी तरह तोड़ दिया। दोनों देशों को जोड़ने और उनके बीच मतभेद पैदा करने वाले कारकों को यथार्थवादी नजरिए से समझना, एक मजबूत रिश्ते के लिए जरूरी है।

तीसरी बात, उस कूटनीतिक रणनीति की ओर वापस लौटें जिसने 1990 और 2000 के दशकों में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को बदल दिया था। वह बदलाव केवल राष्ट्रपतियों और प्रधानमंत्रियों के बीच हुए समझौतों से नहीं आया था। इसके लिए अमेरिकी कांग्रेस, व्यापार जगत, विश्वविद्यालयों, थिंक टैंक और प्रवासी भारतीयों के बीच दोस्त बनाने और उनका समर्थन हासिल करने के लिए लगातार कोशिश की गई थी।

2008 का ऐतिहासिक असैन्य परमाणु समझौता इसी कोशिश का नतीजा था। इसके लिए व्हाइट हाउस के पूरे समर्थन और अमेरिकी कांग्रेस में दोनों प्रमुख दलों (रिपब्लिकन और डेमोक्रेट) के सहयोग की जरूरत थी। इसमें उन लोगों से बात करने की तत्परता शामिल थी जिन्हें संदेह था और साथ ही कड़े विरोध को पार करने की क्षमता भी जरूरी थी।

भारत को यह मानकर नहीं बैठ जाना चाहिए था कि भारत के रणनीतिक महत्व के कारण वाशिंगटन में अपने आप सब कुछ भारत के पक्ष में हो जाएगा। इसके बजाय, दिल्ली ने एक ऐसा गठबंधन बनाने में अपनी राजनीतिक और कूटनीतिक पूंजी लगाई, जो भारत का समर्थन कर सके।

यह सबक आज भी उतना ही प्रासंगिक है। अमेरिका का संघीय ढांचा, एक शक्तिशाली विधायिका, बड़ी कंपनियां, विश्वविद्यालय, मीडिया और नागरिक संगठन, ये सभी राजनीतिक प्रभाव के कई केंद्र बनाते हैं। अमेरिकी राजनीति केवल रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स के बीच की प्रतिस्पर्धा नहीं है, बल्कि यह अलग-अलग आर्थिक हितों, क्षेत्रीय पहचानों और वैचारिक परंपराओं के बीच चलने वाली एक निरंतर बातचीत है।

रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स पार्टियों में बदलाव

ट्रंप के राष्ट्रवादी आंदोलन ने रिपब्लिकन पार्टी को बदल दिया है। इससे मुक्त व्यापार, आव्रजन (इमिग्रेशन) और अंतरराष्ट्रीय गठबंधनों को लेकर पार्टी की पारंपरिक प्रतिबद्धताओं को चुनौती मिली है। फिर भी, यह पार्टी आर्थिक राष्ट्रवादियों, बाजार-समर्थक उदारवादियों, धार्मिक रूढ़िवादियों और उन लोगों के बीच बंटी हुई है जो अंतहीन युद्धों को खत्म करना चाहते हैं।

डेमोक्रेट्स भी एक बड़े बदलाव से गुजर रहे हैं। प्रगतिशील (प्रोग्रेसिव) धड़े के लोग असमानता, कॉर्पोरेट शक्ति, रक्षा खर्च और विदेश नीति के मुद्दों पर पार्टी के पारंपरिक नेताओं को चुनौती दे रहे हैं। इजरायल, मध्य पूर्व और सैन्य हस्तक्षेप को लेकर पार्टी के भीतर मतभेद, अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण को लेकर चल रहे संघर्ष को दिखाते हैं। वामपंथी खेमे के युद्ध-विरोधी आंदोलनों और दक्षिणपंथी खेमे की ‘अलगाववादी’ सोच के बीच कुछ समानताएं देखने को मिलती हैं। मध्यावधि चुनावों के नतीजे के बाद ये बहस और तेज होगी क्योंकि दोनों पार्टियां 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी में जुटेंगी।

भारत केवल स्थापित नेटवर्कों तक सीमित नहीं रह सकता। चुनौती सिर्फ भारत के प्रति सहानुभूति रखने वालों को साथ जोड़ने की नहीं है, बल्कि व्यापार, इमिग्रेशन, मानवाधिकार और रूस जैसे मुद्दों पर आलोचना करने वालों के साथ भी संवाद करने की है। भारत ने अमेरिकी प्रगतिशील खेमे में अपने कई दोस्त खो दिए हैं और उनसे फिर से जुड़ने के लिए विशेष प्रयासों की आवश्यकता है।

बदलती जनसांख्यिकी, जातीय अल्पसंख्यकों का बढ़ता प्रभाव और समाजवादी परंपराओं की वापसी को देखते हुए, भारत को अमेरिकी वामपंथी धड़े पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है।

केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं

यह काम केवल सरकार पर नहीं छोड़ा जा सकता। भारत के राजनीतिक दलों, नागरिक समाज और व्यापारिक जगत को अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ जुड़ाव और गहरा करना होगा। भाजपा और आरएसएस अमेरिका में अपनी स्वतंत्र पहुंच बनाने का काम कर रहे हैं। राहुल गांधी अक्सर अमेरिका जाते रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को अमेरिकी समाज के साथ अधिक बेहतर तरीके से जुड़ने की जरूरत है।

भारतीय दलों को केवल प्रवासी भारतीयों (डायस्पोरा) तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अमेरिकी राजनीति को आकार देने वाली ताकतों तक भी पहुंच बनानी चाहिए।

आर्थिक बदलाव, तकनीकी आधुनिकीकरण और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए भारत को अमेरिकी साझेदारी की जरूरत बनी रहेगी। लेकिन भारत केवल नेताओं के बीच की व्यक्तिगत केमिस्ट्री या उस समय की सरकारों के आपसी संबंधों पर ही निर्भर नहीं रह सकता। भारत को न केवल व्हाइट हाउस, स्थायी नौकरशाही और कांग्रेस के साथ मजबूत संबंध चाहिए, बल्कि पूरे अमेरिका में ऐसे दोस्तों का एक व्यापक और टिकाऊ आधार भी तैयार करना होगा।

यह भी पढ़ें- मिडटर्म चुनाव में जीते अब्दुल अल-सईद, ज्योत सिंह, कीशा लांस

अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने दोनों सदन में बहुमत हासिल कर लिया है। सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेट को बहुमत मिलने से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को झटका लगा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।