Marco Rubio India Visit: भारत दौरे पर आए अमेरिका विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि हर देश में कुछ मूर्ख होते हैं और अमेरिका में भी कुछ मूर्ख हैं। उनके इस बयान को लेकर सवाल उठे कि आखिर उन्होंने अपने देश के लिए यह बात क्यों कही? इसको लेकर बता दें कि उनसे नस्लीय टिप्पणियों और सोशल मीडिया पर चल रही बयानबाजियों पर सवाल पूछा गया था।
दरअसल, विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ ज्वाइंट प्रेस कांफ्रेंस में जब अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियों को लेकर सवाल पूछा गया, तो रूबियो ने कहा कि जो लोग ऐसी बातें करते हैं, वो मूर्ख हैं। उन्होंने कहा, “यहां भी और वहां भी, दुनिया के हर देश में ऐसे लोग मौजूद होते हैं जो बेवकूफी भरी बातें करते हैं।”
रुबियो ने दिया बड़ा बयान
मार्को रुबियो ने कहा कि इन मूर्ख लोगों की वजह से पूरे देश की सोच तय नहीं होती। रूबियो का ये बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका में भारतीयों और दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ ऑनलाइन हेट कमेंट्स और नस्लीय हमलों को लेकर बहस तेज है।
मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका को कुछ लोगों की टिप्पणियों से नहीं आंका जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता इसका और क्या जवाब दूं, लेकिन मैं इसे गंभीरता से लेता हूं। हर देश में कुछ मूर्ख लोग होते हैं। भारत में भी होंगे और अमेरिका में भी हैं, जो हर समय बेवकूफी भरी बातें करते रहते हैं।”
भारतीयों का भी अहम योगदान
मार्को रुबियो ने स्पष्ट किया कि ऐसे लोगों की राय अमेरिका की असली पहचान नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अमेरिका हमेशा से प्रवासियों का देश रहा है और वहां आने वाले लोगों ने ही देश को मजबूत बनाया है। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय ने अमेरिका की अर्थव्यवस्था, टेक्नोलॉजी और बिजनेस सेक्टर में जबरदस्त योगदान दिया है।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने भारतीयों की तारीफ करते हुए कहा कि अमेरिका की तरक्की में भारतीय मूल के लोगों की भूमिका बेहद अहम रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय सिर्फ नौकरी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वो अमेरिका में बड़े बिजनेस चला रहा है, निवेश कर रहा है और नई टेक्नोलॉजी को आगे बढ़ा रहा है।
अमेरिकी अर्थव्यवस्था में भारतीयों की भी भूमिका
मार्को रुबियो ने कहा, “हमारा देश उन लोगों से समृद्ध हुआ है जो दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से अमेरिका आए, अमेरिकी बने और यहां की जिंदगी का हिस्सा बने।” उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के लोग अमेरिकी अर्थव्यवस्था में अरबों डॉलर का योगदान दे रहे हैं और अमेरिका चाहता है कि ये साझेदारी आगे और मजबूत हो।
‘कुछ घंटों में मिल सकती है अच्छी खबर’: ईरान से शांति वार्ता पर बोले अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रूबियो
विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिका विदेश सचिव मार्को रूबियो के बीच रविवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधि स्तर की मीटिंग हुई। इस मीटिंग में दोनों के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। मार्को रूबियो चार दिन के भारत दौरे पर आए हैं। पढ़िए पूरी खबर…
