Bihar News: बिहार में नवनिर्वाचित निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों बंसीधर ब्रजवासी और राहुल राज के सत्ताधारी बीजेपी में शामिल होने की घोषणा से राज्य में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। विपक्षी दलों ने दल-बदल विरोधी कानून के प्रावधानों के तहत उन्हें अयोग्य घोषित करने की मांग की है।
जन सुराज पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को बिहार विधान परिषद के चेयरमैन राम बच्चन राय से मुलाकात की। उन्होंने ब्रजवासी और राज को तुरंत अयोग्य घोषित करने की मांग की। बता दें कि ब्रजवासी ने तिरहुत स्नातक सीट से और राज ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से हाल ही में जीत हासिल की थी।
राज्य में 23 अक्टूबर को आठ सीटों के लिए हुए एमएलसी चुनावों में इन दो निर्दलीय सदस्यों के अलावा बीजेपी और मुख्य विपक्षी दल आरजेडी ने दो-दो सीटें जीतीं, जबकि एनडीए की सहयोगी जेडीयू और जन सुराज पार्टी ने एक-एक सीट हासिल की।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
यह विवाद तब शुरू हुआ जब शनिवार शाम बिहार बीजेपी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राज्य बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में ब्रजवासी और राज पार्टी में शामिल हो गए हैं। इन दोनों निर्दलीय एमएलसी ने भी मीडिया के सामने यही बात दोहराई। उनकी ऐसी तस्वीरें डिजिटल और सोशल मीडिया पर छा गईं। इनमें वे बीजेपी का केसरिया गमछा पहने और पार्टी सदस्यता पर्ची पकड़े हुए दिख रहे थे। हालांकि, बाद में बीजेपी ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति वापस ले ली।
विपक्ष ने इस मुद्दे को उठाते हुए दल-बदल विरोधी कानून के तहत ब्रजवासी और राज को एमएलसी पद से अयोग्य घोषित करने की मांग की। आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, तेजस्वी प्रसाद यादव ने मांग की कि दल-बदल विरोधी कानून का उल्लंघन करने के आरोप में दोनों निर्दलीय एमएलसी को अयोग्य घोषित किया जाए। उन्होंने बीजेपी पर संविधान का मजाक उड़ाने का भी आरोप लगाया।
आरजेडी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज कुमार झा ने कहा, “संविधान की दसवीं अनुसूची, जिसे दल-बदल विरोधी कानून के रूप में जाना जाता है, स्पष्ट रूप से कहती है कि यदि कोई निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव जीतने के बाद किसी राजनीतिक दल में शामिल होता है, तो उसे तुरंत सदन से अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।”
हम कोर्ट भी जाएंगे- जन सुराज पार्टी के प्रवक्ता
जन सुराज पार्टी के प्रवक्ता कुमार सौरभ ने उन बीजेपी सदस्यता पर्चियों पर दर्ज नंबरों का हवाला दिया, जो कथित तौर पर ब्रजवासी और राज को पार्टी में शामिल होते समय दी गई थीं। उन्होंने कहा, “यह संवैधानिक प्रावधानों का खुला उल्लंघन है। अगर जरूरत पड़ी, तो हम उनकी अयोग्यता की मांग को लेकर अदालत भी जाएंगे।”
वरिष्ठ जेएसपी नेता और पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने कहा, “हमने चेयरमैन को बताया है कि कैसे दो निर्दलीय एमएलसी चुनाव जीतने के 72 घंटों के अंदह ही बीजेपी में शामिल हो गए। हमने अपने दावे के समर्थन में सभी जरूरी सबूत भी पेश किए। इन दोनों एमएलसी ने खुद खुले तौर पर बीजेपी में शामिल होने की बात स्वीकार की थी। हमें उच्च सदन की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।”
इस मुद्दे पर विपक्ष एकजुट- असित नाथ तिवारी
राज्य कांग्रेस के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने जोर देकर कहा कि इस मुद्दे पर विपक्ष एकजुट है। वहीं, अब इन दोनों निर्दलीय एमएलसी ने अपना रुख थोड़ा बदल लिया है। उनका दावा है कि वे बीजेपी में शामिल नहीं हुए हैं, बल्कि उन्होंने पार्टी को केवल अपना समर्थन दिया है।
ब्रजवासी ने कहा, “मैंने बीजेपी को समर्थन देने का फैसला किया है, क्योंकि राज्य सरकार शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करने के लिए सहमत हो गई है।” राज ने कहा, “मैंने भी बीजेपी को समर्थन देने का फैसला किया है, क्योंकि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास के विजन से बहुत प्रभावित हूं।”
ये दोनों नेता एनडीए के कामकाज से प्रभावित हैं- सरावगी
इन नेताओं की बात दोहराते हुए राज्य बीजेपी प्रमुख सरावगी ने कहा, “ये दोनों नेता एनडीए के कामकाज से प्रभावित हैं और उन्होंने हमें समर्थन देने का फैसला किया है।” उन्होंने मीडिया के इस सवाल का जवाब देने से परहेज किया कि क्या इन दोनों निर्दलीय एमएलसी पर अपने इस कदम के कारण अयोग्य घोषित होने का खतरा है।
दसवीं अनुसूची के पैराग्राफ 2(2) में दलबदल विरोधी प्रावधानों के तहत कहा गया है कि अगर कोई निर्दलीय विधायक चुनाव जीतने के बाद किसी भी समय किसी राजनीतिक दल में शामिल हो जाता है, तो वह सदन की सदस्यता के लिए अयोग्य हो जाता है।
यह प्रावधान मनोनीत सदस्यों के मामले से अलग है, मनोनीत सदस्य यदि सदन का सदस्य बनने के छह महीने के भीतर अपना राजनीतिक झुकाव बदल लेते हैं, तो उन्हें अयोग्य नहीं माना जाता। किसी सदस्य को अयोग्य ठहराया जाना चाहिए या नहीं, इस पर अंतिम फैसला चेयरमैन या स्पीकर लेते हैं और उनके इस फैसले की न्यायिक समीक्षा अदालतों द्वारा की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: ‘राजद और जन सुराज को मिले वोट को अगर जोड़ दिया जाए तो…’, बिहार में हुए MLC चुनावों पर रोहिणी आचार्य का नया फॉर्मूला
बिहार विधान परिषद के चुनावों का परिणाम आ चुका है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर को साथ आने का सुझाव दिया है। उनका मानना है कि दोनों नेताओं की राजनीतिक ताकत एक साथ आए, तो बीजेपी और एनडीए को चुनौती देने की रणनीति मजबूत हो सकती है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
