राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को आम आदमी पार्टी छोड़ने की वजह बताया। हरभजन सिंह ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में इसलिए शामिल हुए क्योंकि उनकी बात नहीं सुनी जा रही थी। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या पर आम आदमी पार्टी को जवाब देना चाहिए।
इस इंटरव्यू में हरभजन सिंह ने बीजेपी में शामिल होने के बाद जलंधर में उनके घर के बाहर किए गए विरोध प्रदर्शनों पर भी बात की। हरभजन सिंह को साल 2022 में आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा भेजा था। हालांकि वो इस साल अप्रैल में अपने छह अन्य सहयोगियों के साथ बीजेपी में शामिल हो गए।
आम आदमी पार्टी में शामिल होने से पहले के घटनाक्रम को याद करते हुए हरभजन सिंह ने बताया कि भगवंत मान ने उनसे AAP में शामिल होने के कहा था। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने उसी समय भगवंत मान को स्पष्ट कर दिया था कि वे सिर्फ खेल के बारे में बात करेंगे और राजनीति पर चर्चा नहीं करेंगे क्योंकि यह उनका काम नहीं है।
AAP में मुझे सुना ही नहीं गया- हरभजन
हरभजन ने दावा किया कि उन्होंने आम आदमी पार्टी में शामिल होने का फैसला सिर्फ इसलिए किया क्योंकि उन्हें न सिर्फ पंजाब में बल्कि राष्ट्रीय लेवल पर भी खेलों को प्रमोट करने का मौका मिल रहा था। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पार्टी के सामने अपने विचार रखे तो वह उन्हें सुना नहीं गया। उन्होंने कहा, “मेरे विचार बस विचार ही बनकर रह गए।”
हरभजन ने कहा, “…जिस काम के लिए मैं आम आदमी पार्टी में शामिल हुआ था, वो काम नहीं हो रहे थे। अगर मेरे सुझाए रास्ते पर एक छोटा सा कदम भी उठाया गया होता, तो मैं पार्टी नहीं छोड़ता। लेकिन पार्टी में शामिल होने का मेरा मकसद ही पूरा नहीं हो रहा था। इसीलिए मैंने पार्टी छोड़ दी क्योंकि मेरे सुझावों पर कोई ध्यान नहीं दे रहा था।”
हरभजन के घर के बाहर किसने किया प्रदर्शन?
इस बारे में सवाल किए जाने पर हरभजन सिंह ने कहा कि वो किसी का नाम नहीं लेंगे लेकिन चाहेंगे लेकिन समझना आसान था कि प्रदर्शनकारी कौन हो सकते थे। उन्होंने कहा, “सभी जानते हैं कि वो लोग कौन थे और कहां से आए थे। मुझे कुछ भी कहने की जरूरत नहीं। इस देश का आम आदमी मुझे मेरे क्रिकेट की वजह से जानता है और उसने मुझे इतना प्यार दिया है, तो वे मेरा पुतला क्यों जलाएंगे या मेरे घर के बाहर ‘गद्दार’ क्यों लिखेंगे? मैंने किसके साथ गद्दारी की?”
उन्होंने आम आदमी पार्टी से सवाल करते हुए कहा, “उनसे मेरा सवाल यह है कि पंजाब के लोगों से किए गए उन बड़े वादों का क्या हुआ? आपने पंजाब के लिए क्या किया? यहां गद्दार कौन है? और क्या आपने मुझसे सवाल किया कि मैंने क्यों किया, मैंने क्या किया? क्योंकि आप मुझे गद्दार कहते, तो मैं गद्दार नहीं हो जाऊंगा। आप कहने से मैं चोर नहीं हो जाऊंगा।”
‘भारत और पंजाब के लिए धड़कता है दिल’
इंटरव्यू में हरभजन सिंह ने कहा कि उनका दिल भारत और पंजाब के लिए धड़कता है। उन्होंने कहा, “अपनी मातृभूमि के लिए मेरे प्यार को किसी और की मंजूरी की जरूरत नहीं है। इसलिए जो लोग कुछ कहना चाहते हैं, वे कहते रहें, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। अगर मैं इन सब बातों से अपना ध्यान भटकने दूं, तो मैं अपना काम नहीं कर पाऊंगा।”
