अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खासमखास और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो शनिवार को अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे। दोनों देश पिछले साल के मध्य से तनावपूर्ण रहे द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के प्रयासों में जुटे हैं। रूबियो ने जैसे ही भारत की धरती पर कदम रखा, वैसे ही ईरान ने उन पर सभ्यता को लेकर तंज कसा है।
भारत पहुंचने के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री ने एक्स पर एक लाइन का पोस्ट किया। उन्होंने अपने पोस्ट में अपनी पत्नी जीनेट डी रुबियो के साथ विमान से उतरते हुए एक तस्वीर साझा की और लिखा, ‘भारत पहुंच चुका हूं। एक शानदार यात्रा का इंतजार कर रहा हूं!’
ईरान ने कसा तंज
इस पोस्ट को ईरान के मुंबई वाणिज्य दूतावास ने री-ट्वीट करते हुए हिंदी में जवाब देते हुए लिखा, “थोड़ा सीख लो यार…सभ्यता का क्रैस कोर्स फ्री में मिल जाएगा!” सभ्यता एक हिंदी शब्द है जिसका अर्थ है शिष्टता, संस्कृति या सभ्यता। ईरान के वाणिज्य दूतावास की लाइन वाली टिप्पणी को लेकर अभी भी अस्पष्टता बनी हुई है।
हालांकि, ईरान की इस टिप्पणी को हालिया अमेरिका-ईरान तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अप्रैल के महीने में कहा था कि अगर ईरान शांति समझौते पर सहमत नहीं होता और होर्मुज जलमार्ग को नहीं खोलता है तो “आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो जाएगा।”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर पोस्ट कर लिखा था, “आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो जाएगा, जिसे फिर कभी जिंदा नहीं किया जा सकेगा। मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद यही होगा। हालांकि, अब जब हमारे यहां पूर्णतः सत्ता परिवर्तन हो चुका है, जहां अलग, अधिक बुद्धिमान और कम कट्टरपंथी सोच वाले लोग हावी हैं, तो शायद कुछ क्रांतिकारी और अद्भुत हो जाए, कौन जानता है? आज रात हमें पता चल जाएगा, विश्व के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण क्षणों में से एक। 47 वर्षों की जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और मौत का अंत होगा। ईरान के महान लोगों पर ईश्वर की कृपा हो।”
पीएम मोदी से मिले मार्को रुबियो
मार्को रुबियो ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। रुबियो अपनी पत्नी जेनेट डी. रुबियो के साथ दिन में पहले कोलकाता की यात्रा के बाद राजधानी पहुंचे। पीएम नरेंद्र मोदी ने पोस्ट कर लिखा, “अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मिलकर खुशी हुई। हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में निरंतर प्रगति और क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका वैश्विक हित के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।” यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
