दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट में सोमवार को कई राज्यों से स्टूडेंट्स आए, जिन्होंने विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इन सभी स्टूडेंट्स की मांग थी- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा। विरोध-प्रदर्शन में शामिल तमाम लोग हाथों में पोस्टर-बैनर लिए थे। जिन पर धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो और मोदी सरकार के विरोध के स्लोगन लिखे हुए थे।

कई पोस्टर-बैनर ऐसे भी देखने को मिले जिन पर पीएम मोदी, अमित शाह, नितिन गडकरी और धर्मेंद्र प्रधान की फोटो लगी हुई थी और फोटो के नीच केंद्र सरकार के विरोध में नारे लिखे हुए थे तो कई पोस्टरों में भीमराव आंबेडकर की फोटो और संविधान का जिक्र था।

प्रदर्शन के दौरान ज्यादातर पोस्टर-बैनर में भीमराव आंबेडकर की फोटो थी और सबसे ज्यादा नारे “जय भीम” के गूंज रहे थे, लेकिन इन सबसे अलग एक ऐसी भी लड़की थी, जिसके विरोध-प्रदर्शन करने का तरीका सबसे अलग था। राजीव चौक से लेकर जंतर-मंतर तक वो एक ऐसी लड़की थी जो देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की फोटो लगा हुआ पोस्टर लिए हुई थी। जिस पर अटल बिहारी वाजपेयी की फोटो और उनकी एक पंक्ति लिखी हुई थी।

केरला हाउस के पास अटल बिहारी बाजपेयी का पोस्टर हाथ में लिए लड़की राजस्थान की रहने वाली थी। अटल जी के फोटो के साथ बैनर पर लिखा था, “देश पहले, व्यक्ति बाद में”, इस देश का लोकतंत्र अमर रहना चाहिए- अटल बिहार वाजपेयी। पोस्टर में नीचे लिखा था- नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

जब उससे मैंने पूछा कि आप देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का पोस्टर लेकर क्यों आईं हैं? इस सवाल के जवाब में उसने बताया कि मैं राजस्थान से आई हूं। अपूर्वा ने बताया कि अगर अटल बिहारी वाजपेयी जैसा आज हमारे देश में प्रधानमंत्री होता तो फिर चाहे किसी पार्टी से होता तो आज हमारी यह हालत नहीं होती कि हमें सड़क पर आकर प्रोटेस्ट करना पड़ता। हमारी डेमोक्रेसी बहुत साफ और अच्छे हाथों में होती, लेकिन आज ऐसा नहीं है।

अपूर्वा ने आगे कहा कि मैंने सभी जगह देखा, लेकिन किसी ने भी अटल बिहारी वाजपेयी का पोस्टर नहीं लिया। मैं यहां यह पोस्टर इसलिए लेकर आई हूं कि शायद बीजेपी वाले भी इससे कनेक्ट कर पाएं कि अटल जी कितने अच्छे प्रधानमंत्री थे। अगर आज वह अटल जी और मोदी की तुलना करेंगे कि तो उन्हें पता चलेगा कि किसके अच्छे विचार हैं। उसने सवालिया लहजे में कहा कि क्या मोदी इस लायक हैं कि हम उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी से कम्पेयर कर सकें, क्या मोदी इस लायक हैं कि आज वो देश को चला सकें।

उसने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी ने कभी किसी कम्यूनिटी का बुरा नहीं चाहा और न ही स्टूडेंट्स का, उन्होंने कभी हिंदू-मुस्लिम नहीं किया। उनका विचार था देश पहले।

अपूर्वा ने कहा कि मोदी सिर्फ हिंदू-मुस्लिम करके वोट लेना चाहते हैं, इनको देश के विकास से कोई लेनादेना नहीं है। इनको सिर्फ नेहरू के बारे में बात करनी है। उसने आगे कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री रहते मुझे नहीं लगता कि धर्मेंद्र प्रधानमंत्री अपने पद से इस्तीफा देंगे।

अपूर्वा ने कहा कि मुझे नहीं पता कि इस प्रोटेस्ट का आगे का रास्ता क्या होगा, लेकिन मैं अपने विचार रखने आई हूं। मेरा यही कहना है कि देश को अटल बिहारी वाजपेयी की तरह प्रधानमंत्री मिलना चाहिए।

LIVE: कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी, भारी पुलिस बल तैनात

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन जारी है। सोमवार को दिनभर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जबरदस्त टकराव हुआ। इस टकराव में कई छात्रों के साथ ही बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान भी घायल हुए। दिल्ली पुलिस ने सोमवार रात को जंतर-मंतर को खाली करा दिया। इसके बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका और सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि केरल हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए। पढ़ें पूरी खबर।