महाराष्ट्र में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। इस बार इसकी वजह हैं एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पवार। चर्चा है कि शरद पवार का गुट एनडीए में शामिल हो सकता है। इस बात को बल तब और मिला जब गुरुवार को एकनाथ शिंदे और शरद पवार की मुलाकात हुई। हालांकि, इस मुलाकात को एक शिष्टाचार भेंट बताया गया, लेकिन इस मुलाकात ने कयासों को जन्म जरूर दे दिया।
इस बीच शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि शरद पवार महाराष्ट्र के बहुत बड़े नेता हैं। मैंने कई बार शरद पवार को NDA में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था। अगर वे 2014 में NDA में शामिल हो जाते, तो देश के राष्ट्रपति भी बन सकते थे, लेकिन वे नहीं हुए।
अठावले ने कहा कि अब हालात बदल गए हैं। शरद पवार NDA में शामिल हो सकते हैं, इसीलिए एकनाथ शिंदे उनसे मिलने गए थे। उनके बीच क्या बातचीत हुई, यह पता नहीं है। अगर वे NDA में शामिल होते हैं, तो उनका स्वागत है।
वहीं, संजय राउत की देशद्रोही वाली टिप्पणी पर अठावले ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि एकनाथ शिंदे को देशद्रोही कहना सही है। मेरी राय में संजय राउत और उद्धव ठाकरे ने जनादेश का उल्लंघन किया। 2019 में उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस और एनसीपी के साथ सरकार बनाई। उस फैसले के परिणाम भुगतने पड़े हैं।
बता दें, बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की बीच मुलाकात हुई थी। यह मुलाकात 15 मिनट की थी। इस मुलाकात को लेकर शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने नाराजगी जाहिर की थी। संजय राउत ने कहा था कि शरद पवार निःसंदेह एक महान और सम्मानित नेता हैं। हालांकि, ऐसे व्यक्ति के साथ बैठक करना, जिसे हम ‘गद्दार’ मानते हैं और जिसने हमारी सरकार गिराई, बेहद निराशाजनक है।
संजय राउत ने कहा था कि ऐसे कार्यों से उनके कद के नेता की विश्वसनीयता और विश्वास कम होता है। हम शरद पवार का एक वरिष्ठ नेता के रूप में बहुत सम्मान करते हैं, लेकिन हमारी राय में एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र में भ्रष्टाचार और राजनीतिक विश्वासघात की संस्कृति को बढ़ावा दिया है… हमें अपने विचार व्यक्त करने में कोई झिझक नहीं है।
राउत ने कहा था कि हम ऐसी बैठक से सहमत नहीं हैं। अगर किसी को लगता है कि यह उचित था, तो यह उनकी मर्जी है। हालांकि, हमारा मानना है कि ऐसे कार्यों से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की विश्वसनीयता कमजोर होती है।
‘हम गद्दार मानते हैं, और वो’, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने शरद पवार से की मुलाकात तो भड़के संजय राउत
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एनसीपी (एसपी) के वरिष्ठ नेता शरद पवार के बीच अहम मुलाकात हुई है। शरद पवार ने बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा पहुंचे और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया था। इस मुलाकात को लेकर शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने नाराजगी जाहिर की है। पढ़ें पूरी खबर।
