जयपुर की नूरानी मस्जिद पर बुलडोजर चल गया है। 45 साल पुरानी इस मस्जिद को प्रशासन ने हटा दिया है। इस कार्रवाई से पहले प्रशासन ने मौके पर करीब 3,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया था। पूरे इलाके में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गई थीं।
बताया जा रहा है कि मालवीय नगर स्थित नूरानी मस्जिद का निर्माण 1981 में किया गया था। हालांकि, जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने इसे अवैध निर्माण करार दिया था। इसी वजह से कुछ दिन पहले मस्जिद को नोटिस जारी किया गया था। इस क्षेत्र में फिलहाल सड़क चौड़ीकरण का काम भी चल रहा है।
नूरानी मस्जिद को लेकर बताया जा रहा है कि इसका निर्माण 391 वर्ग गज भूमि पर किया गया था। मस्जिद कमेटी के मुताबिक, इस साल 5 मई को प्रशासन की ओर से एक नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में बताया गया था कि 8 जून को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, मस्जिद कमेटी ने इसका विरोध किया था। कमेटी का दावा था कि उन्हें अपनी बात रखने और वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। वहीं, JDA अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित पक्ष को खू नागौरिया क्षेत्र में लगभग 1,100 वर्ग गज वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
JDA अधिकारियों के मुताबिक, इस सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत कुल 143 नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 134 संपत्तियों पर 22 मई को ही कार्रवाई पूरी कर ली गई थी। शेष बची 9 संपत्तियों पर भी अब बुलडोजर चलाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए यह कदम उठाया गया है। मुंबई में क्योंकि इसी प्रकार की कार्रवाई के दौरान जमकर बवाल हुआ, इस वजह से जयपुर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। इस समय भी जमीन पर तनाव है और इसी वजह से पुलिस चप्पे-चप्पे पर मौजूद है।
