सोमवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने विदेश मंत्रालय द्वारा उनकी अमेरिका यात्रा की अनुमति न दिए जाने को राज्य का “अपमान” बताया। हैदराबाद में मीडिया से बातचीत में रेवंत रेड्डी ने कहा कि केंद्र सरकार गुजरात का पक्ष लेती है, तेलंगाना का नहीं।

उन्होंने कहा, “मुझे ‘तेलंगाना राइजिंग’ डेलिगेशन का नेतृत्व करने के लिए यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि गुजरात के मुख्यमंत्री को ‘वाइब्रेंट गुजरात’ के बैनर तले यात्रा करने की अनुमति दी गई। यह तेलंगाना के स्वाभिमान का अपमान है।”

आपको बता दें कि रेवंत रेड्डी ने विदेश मंत्रालय द्वारा अमेरिका की यात्रा की इजाजत न दिए जाने की वजह से उन्हें अपना दौरा कैंसिल करना पड़ा। रेवंत रेड्डी के कार्यालय की तरफ से दावा किया गया कि उनके अमेरिकी दौरे को ‘राजनीतिक नजरिए से मंजूरी नहीं दी गई।

विदेश दौरे से लौटते ही पीएम मोदी से किए सवाल

यूके की अपनी तीन दिवसीय यात्रा से लौटने के बाद रेवंत रेड्डी ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे अमेरिका जाने की अनुमति क्यों नहीं दी?”

उन्होंने दावा किया कि क्योंकि वो कांग्रेस पार्टी और तेलंगाना से संबंध रखते हैं, इसलिए उन्हें अमेरिका जाने की इजाजत नहीं दी गई।

तेलंगाना के सीएम ने कहा कि उनकी यात्रा से “दलितों, आदिवासियों और बहुजन छात्रों समेत समाज के पिछड़े वर्गों” को मदद मिलती, जिन्हें शैक्षणिक और खेल संस्थानों का सहयोग मिल पाता।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि यह तेलंगाना के आत्म-सम्मान और राज्य 4 करोड़ लोगों का अपमान है। यह गुजरात के दबदबे का मामला है। गुजरात के मुख्यमंत्री को कनाडा और अमेरिका जाने की इजाजत दी गई।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “वो यह संदेश देना चाहते हैं कि तेलंगाना में निवेश करने पर सजा मिलेगी। वे नहीं चाहते कि कोई भी राज्य एक हद से ज्यादा तरक्की करे। वे सिर्फ गुजरात और बीजेपी-शासित राज्यों का विकास चाहते हैं। यह भेदभाव है।”

कांग्रेस संसद में उठाएगी मुद्दा

रेवंत रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस यह मुद्दा संसद में उठाएगी। उन्होंने कहा कि उनके दौरे का पूरा प्रोग्राम विदेश मंत्रालय के साथ शेयर किया गया था। रेवंत रेड्डी ने कहा, “उन्होंने मुझे US जाने से क्यों मना किया, जबकि UK जाने से नहीं?”

न्यूयॉर्क शहर के मेयर ज़ोहरान ममदानी से मीटिंग से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोई अपॉइंटमेंट तय नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि ममदानी कोई असामाजिक तत्व नहीं हैं। वह एक चुने हुए मेयर हैं। इसी दौरान उन्होंने सवाल किया कि पीएम नरेंद्र मोदी साल 2015 में पाकिस्तान गए थे, क्या उन्होंने इसके लिए किसी से इजाजत ली थी।

यह भी पढ़ें: राजनीतिक मंजूरी क्या है, जानिए मुख्यमंत्रियों को विदेश यात्राओं के लिए इसकी जरूरत क्यों । EXPLAINED