केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता अमित शाह ने शुक्रवार को कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि राज्य में अगली सरकार बीजेपी बनाएगी। उन्होंने प्रथम चरण में रिकॉर्ड मतदान के बाद यह भी दावा किया कि पहले चरण में बीजेपी 110 सीटों से ज्यादा सीटें जीतेगी।
इस दौरान उन्होंने कहा, “बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अफवाह फैला रही हैं कि बंगाल में अगर बीजेपी का शासन आया तो बाहरी लोग शासन करेंगे। मैं दीदी को बताना चाहता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाल में ही जन्म लेने वाला, बंगाली मीडियम में पढ़ा लिखा और बंगाली बोलने वाला होगा।”
अमित शाह यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल के अगला मुख्यमंत्री आपका भतीजा नहीं होगा। वो भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होगा। अगली सरकार पश्चिम बंगाल के भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता को ही बनानी है।
जानिए अमित शाह के भाषण की बड़ी बातें
1) गृह मंत्री अमित शाह ने कहा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता बंगाल की महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करना और उन्हें भय से मुक्त करना होगा। जिस राज्य की मुख्यमंत्री यह कहती हो कि महिलाओं को सात बजे के बाद बाहर नहीं निकलना चाहिए, उसे शासन करने का अधिकारी नहीं है।
2) उन्होंने कहा कि पांच तारीख को बीजेपी की सरकार बनने के बाद रात को एक बजे भी छोटी सी बच्ची भी स्कूटी लेकर निकलेगी तो कोई गुंडा उसके सामने आंख उठाकर नहीं देख पाएगा। बीजेपी सरकार बनने के बाद व्यापारियों सेे कोई भतीजा टैक्स नहीं लिया जाएगा। सिंडिकेट को खत्म किया जाएगा।
3) अमित शाह ने कहा कि परिवर्तन का मतलब विधायक और सरकार बदलना नहीं बल्कि बदलाव का मतलब है एक घुसपैठ-मुक्त बंगाल बनाना, ऐसी सीमाएं बनाना जो घुसपैठ को रोक सकें, भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन देना, बंगाल को तुष्टीकरण की राजनीति से मुक्त करना, रंगदारी और सिंडिकेट राज को खत्म करना, तेज गति से विकास सुनिश्चित करना, बंगाल के लोगों को कैडर-राज से मुक्त करना और प्रशासन को राजनीतिक दबाव से मुक्त करना है।
4) अमित शाह ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस का सत्ता से बाहर जाना तय है, बीजेपी बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही। अमित शाह ने असम और ओडिशा में भाजपा के शासन के अलावा पश्चिम बंगाल में पार्टी की संभावनाओं पर कहा- पांच मई के बाद ‘अंग, बंग और कलिंग’ में सरकारें होंगी। पश्चिम बंगाल चुनाव से जुड़े लेटेस्ट अपडेट जानने के लिए क्लिक करें
