विमान हादसे में अजित पवार की मौत के बाद यही सवाल सामने है कि एनसीपी किस नेता को डिप्टी सीएम के पद पर बैठाएगी। पार्टी ने अजित पवार के उत्तराधिकारी के चयन के लिए विचार विमर्श शुरू कर दिया है। इस मामले में एनसीपी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से मुलाकात की है।

सूत्रों का कहना है कि अगले एक से दो दिनों में एनसीपी के विधायक दल की बैठक हो सकती है जिसमें उप मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी के नेता के बारे में अंतिम फैसला लिया जाएगा।

सूत्रों से यह भी पता चला है कि उप मुख्यमंत्री के लिए अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार का नाम प्रस्तावित किया जा सकता है हालांकि पवार परिवार की ओर से अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा गया है।

कौन थीं महिला पायलट शाम्भवी पाठक?

मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से मुलाकात के बाद एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल पटेल ने कहा, ‘हमने उन्हें (सीएम को) बताया है कि जल्द से जल्द फैसला लेना होगा। यह भी बताया है कि पार्टी के विधायकों से बात करने के बाद ही हम अपना रुख तय करेंगे; आज की बैठक में सुनेत्रा पवार के नाम पर कोई चर्चा नहीं हुई। उपमुख्यमंत्री किसे बनाया जाएगा, इस पर फैसला विधायकों से सलाह मशविरा करने के बाद लिया जाएगा। हम सभी की राय जानने के बाद ही फैसला लेंगे।’

सुनेत्रा पवार से करेंगे बात…

क्या सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की अगली डिप्टी सीएम हो सकती हैं, इस बारे में पूछे जाने पर प्रफुल पटेल ने कहा, ‘हमने सुनेत्रा के नाम पर कोई चर्चा नहीं की, यह हमारी आंतरिक चर्चा थी। जनता और हमारे विधायकों का मानना है कि सही फैसला लिया जाना चाहिए। अभी राजनीतिक शोक का वक्त है। पारिवारिक समारोहों के खत्म होने के बाद इस बारे में सुनेत्रा पवार से बात करेंगे।’

पटेल ने कहा कि इस पद पर जल्द ही नियुक्ति की जाएगी और सही फैसला लिया जाएगा।

एनसीपी के मुख्य सचेतक अनिल भाईदास पाटिल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व से बात करने के बाद ही इस बारे में फैसला लिया जाएगा। क्या सुनेत्रा पवार के नाम पर विचार चल रहा है, इस बारे में पूछे जाने पर पाटिल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इस पद के लिए पवार परिवार के किसी सदस्य को प्राथमिकता दे रहे हैं।

अपने पीछे करोड़ों की संपत्ति छोड़ गए अजित पवार