राहुल गांधी पर पहले अक्सर आरोप लगता था कि वह राजनीति में ज्यादा सक्रिय नहीं रहते और मौके पर मौजूद नहीं रहते। लेकिन पिछले सप्ताह से चुनाव आयोग और बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शनों में उनकी भूमिका चर्चा में है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी प्रदर्शनों की अगुवाई करने के साथ-साथ सांसदों की मौजूदगी पर भी नजर रख रहे हैं। वह INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों और सामाजिक संगठनों को भी साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी के इस सक्रिय रवैये और उनकी टीम की लगातार बैठकों ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों को व्यापक बनाने में अहम भूमिका निभाई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी ने यह सुनिश्चित करने के लिए खुद निगरानी की कि कांग्रेस के सांसद प्रदर्शन में शामिल हों और सहयोगी दलों की भागीदारी भी बनी रहे।

इन प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में द इंडियन एक्सप्रेस की वह रिपोर्ट है जिसमें विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग के भीतर मतभेद सामने आए थे। कांग्रेस का मानना है कि इन खुलासों से चुनाव में कथित ‘वोट चोरी’ को लेकर राहुल गांधी के आरोपों को बल मिला है।

राहुल गांधी ने मांगी प्रदर्शन में शामिल सांसदों की सूची

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से SIR, चुनाव आयोग में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। हालांकि पार्टी के भीतर सभी नेता उनके इन मुद्दों से पूरी तरह सहमत नहीं थे। वेणुगोपाल के मुताबिक, चुनाव आयुक्तों से जुड़ी हालिया जानकारी सामने आने के बाद राहुल गांधी की बात को गंभीरता से लिया जाने लगा।

कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि राहुल गांधी अपनी कोर टीम के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। इस टीम में उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा, श्रीवत्स, अलंकार सवाई, केबी बायजू और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं। श्रीवत्स राहुल गांधी की संचार टीम का नेतृत्व करते हैं जबकि अलंकार सवाई उनकी रणनीतिक टीम का हिस्सा हैं। केबी बायजू उनके कामकाज के कुछ व्यवस्थागत पहलुओं को संभालते हैं और वेणुगोपाल पार्टी के भीतर उनके प्रमुख संपर्क सूत्र माने जाते हैं।

इन बैठकों में एक अहम फैसला उन कांग्रेस सांसदों को स्पष्ट संदेश देना था जो शुरुआती प्रदर्शनों में शामिल नहीं हुए थे। पहले दिन INDIA ब्लॉक के सांसदों ने चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। दूसरे दिन संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकाला गया।

एक सूत्र के मुताबिक, राहुल गांधी ने वेणुगोपाल से उन सांसदों की सूची तैयार करने को कहा जो प्रदर्शनों में शामिल हुए थे और जो नहीं आए थे। इस तरह पार्टी के भीतर यह संदेश गया कि सांसदों की गैरमौजूदगी पर भी नजर रखी जा रही है।

कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि पहले कुछ वरिष्ठ सांसदों को लेकर शिकायतें थीं कि वे सड़कों पर उतरने के बजाय सोशल मीडिया पर ही सक्रिय रहते हैं। लेकिन जब यह साफ हुआ कि राहुल गांधी खुद उपस्थिति का हिसाब रख रहे हैं तो ऐसे सांसद भी प्रदर्शनों में पहुंचने लगे।

सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च से पहले राहुल और प्रियंका गांधी ने पार्टी नेताओं को साफ संदेश दिया कि गैरमौजूदगी के लिए कोई बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। नेताओं से कहा गया कि वे पुलिस की ओर से हिरासत में लिए जाने की आशंका का हवाला देकर अनुपस्थित न रहें और समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इसका असर यह हुआ कि सोमवार के मार्च में बड़ी संख्या में नेता और सांसद मौजूद रहे।

दिल्ली पहुंचने के लिए कार्यकर्ताओं के ठहरने का इंतजाम

कांग्रेस ने यह भी कोशिश की कि दूसरे राज्यों से आने वाले कार्यकर्ताओं को दिल्ली की सीमा पर रोके जाने या आवाजाही में परेशानी होने के कारण प्रदर्शन से दूर न रहना पड़े। इसके लिए रविवार रात उनके ठहरने की व्यवस्था की गई। पार्टी का अकबर रोड स्थित कार्यालय भी कार्यकर्ताओं के लिए खोल दिया गया।

हरियाणा से कांग्रेस के एक सांसद ने बताया कि राज्य में सबसे ज्यादा भागीदारी देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा ने भी कार्यकर्ताओं के ठहरने के लिए अपने यहां व्यवस्था की। उत्तर प्रदेश के सांसदों ने भी इसी तरह मदद की।

इससे पहले पिछले सप्ताह गुरुवार और शुक्रवार को केसी वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी वाड्रा और जयराम रमेश ने अलग-अलग राज्यों के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को फोन किए थे। उत्तर प्रदेश और हरियाणा के दो वरिष्ठ नेताओं ने अखबार को बताया कि उन्हें जल्द से जल्द दिल्ली पहुंचने को कहा गया था, भले ही उनके अपने राज्यों में कोई भी राजनीतिक गतिविधि चल रही हो।

सहयोगी दलों को साथ लाने की कोशिश

राहुल गांधी ने INDIA ब्लॉक के सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं से भी व्यक्तिगत तौर पर संपर्क किया। इनमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और माकपा के एमए बेबी सहित अन्य नेता शामिल थे।

यह पहल इसलिए अहम थी क्योंकि पहले राहुल गांधी के कुछ कदमों और संवाद की कमी को सहयोगी दलों के साथ मतभेद की वजह माना जाता रहा है। समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं को चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च के दौरान राहुल और प्रियंका गांधी के अधिक प्रमुखता से सामने आने और आकाशवाणी भवन के पास धरने की जानकारी साझा न किए जाने से नाराज बताया गया था।

कांग्रेस के एक सूत्र ने कहा कि जब जंतर-मंतर तक मार्च के दौरान समाजवादी पार्टी का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ तो राहुल गांधी ने दूसरी पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं को फोन कर प्रदर्शनों में शामिल होने का आग्रह किया। वहीं वेणुगोपाल को सहयोगी दलों के दूसरे स्तर के नेतृत्व से संपर्क करने की जिम्मेदारी दी गई।

तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और वाम दलों के कई नेताओं ने कहा कि इस बार कांग्रेस का रवैया पहले से अलग रहा है। एक वामपंथी सांसद के मुताबिक, कांग्रेस ने इस बार बड़े भाई वाली भूमिका निभाने के बजाय छोटे सहयोगी दलों को भी बराबर महत्व दिया।

इसका उदाहरण सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च के दौरान देखने को मिला। राहुल गांधी जिस खुले ट्रक पर सवार होकर आगे बढ़ रहे थे, उसमें सहयोगी दलों के नेताओं और छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों को भी जगह दी गई। इसके लिए कांग्रेस के कुछ नेताओं को ट्रक से नीचे उतरने के लिए भी कहा गया।

कर्नाटक के एक कांग्रेस सांसद ने कहा कि इस कदम से पार्टी के अपने नेतृत्व को भी संदेश दिया गया कि यह केवल कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन नहीं बल्कि सभी विपक्षी दलों की एकजुटता दिखाने का मौका है।

समाजवादी पार्टी के एक सांसद ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि कांग्रेस के साथ कॉर्डिनेशन अच्छा रहा। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस इस तरह सहयोगियों को साथ लेकर चलती है तो उन्हें भी गठबंधन में अपनी भागीदारी का अहसास होता है। मंगलवार को राहुल गांधी के घर पर हुई INDIA ब्लॉक की हाई-टी में समाजवादी पार्टी के 12 सांसद शामिल हुए।

तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद ने भी कहा कि कांग्रेस ने इस बार सहयोगी दलों से आगे निकलने की कोशिश नहीं की। उन्होंने हंसते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने भी जवाब में कांग्रेस से आगे दिखने की कोशिश नहीं की।

वेणुगोपाल ने बताया कि चुनाव आयोग से जुड़े हालिया खुलासों के बाद कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) और INDIA ब्लॉक की बैठक हुई। दोनों में ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने पर सहमति बनी। उन्होंने कहा कि केरल में कांग्रेस और माकपा के बीच तथा पश्चिम बंगाल में माकपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच राजनीतिक मतभेद होने के बावजूद सभी दल इस मुद्दे पर एकजुट हैं। उनके मुताबिक, राहुल गांधी सहयोगी दलों के बीच की दूरियां कम करने पर खास ध्यान दे रहे हैं।

छात्र नेताओं और सामाजिक संगठनों को भी जोड़ा

कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च के लिए रविवार शाम को सभी के लिए खुला निमंत्रण देने का सुझाव राहुल गांधी की कोर टीम के एक सदस्य ने दिया था। इसके बाद प्रदर्शन की योजना बनाने वाले नेताओं में से एक ने सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और छात्र नेता नेहा बोरा सहित अन्य लोगों से संपर्क किया। नेहा बोरा CPI (ML) के छात्र संगठन AISA से जुड़ी हैं।

जब इन नेताओं और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों ने राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य नेताओं के साथ बस में कुछ दूरी तक यात्रा करने की इच्छा जताई तो इसे तुरंत स्वीकार कर लिया गया।

कांग्रेस के एक सूत्र ने कहा कि इसका उद्देश्य प्रदर्शन का दायरा बढ़ाना और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आवाज उठा रहे अलग-अलग समूहों को एक मंच पर लाना था।

कांग्रेस के भीतर भी बढ़ा राहुल गांधी का प्रभाव

पार्टी सूत्रों का कहना है कि अब कांग्रेस के वे नेता भी राहुल गांधी के अगले कदमों पर करीबी नजर रख रहे हैं जिन्हें पहले ‘वोट चोरी’ को चुनावी मुद्दा बनाने की उनकी रणनीति पर संदेह था।

एक सूत्र ने बताया कि बुधवार देर शाम जब राहुल गांधी अंकिता भंडारी के परिवार से मिलने इंडिया गेट पहुंचे तो अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के विभिन्न विभागों के प्रमुख उनके कार्यक्रम की जानकारी लेने के लिए उनकी टीम को लगातार फोन करने लगे। उन्हें चिंता थी कि कहीं वे राहुल गांधी के कार्यक्रम से दूर न रह जाएं।

कांग्रेस के एक अन्य नेता ने कहा कि पार्टी एक साल से ज्यादा समय से ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रही थी लेकिन अब जाकर उसके नेताओं और सांसदों को भी इस मुद्दे पर राहुल गांधी के रुख पर भरोसा होने लगा है।

पिछले दो सप्ताह में कांग्रेस और राहुल गांधी, दोनों के सोशल मीडिया फॉलोअर्स में हुई तेज बढ़ोतरी को भी पार्टी के भीतर इस रणनीति के समर्थन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।