कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके शनिवार दोपहर करीब 1.20 बजे जंतर-मंतर पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने दिन में पहले सोनम वांगचुक को बड़ी चालाकी से धरनास्थल से हटा दिया। उन्होंने सवाल किया, “आप कहते हैं कि आपको उनकी सेहत की चिंता थी। अगर आप कुछ गलत नहीं कर रहे थे, तो वर्दी में क्यों नहीं आए?”

जब वह बोल रहे थे, एक महिला मंच के करीब आती जा रही थी। मंच पर पहुंचकर जब वह दीपके के काफी करीब आ गई, तो उसने सीजेपी के फाउंडर पर स्याही फेंक दी। दीपके इस घटना से हैरान रह गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनकी पहचान बरखा त्रेहन के तौर पर हुई है। सीजेपी समर्थकों उन्हें मंच से खींचकर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन ले गए।

त्रेहन ने लगाए जय श्री राम के नारे

खुद को पुरुष अधिकार कार्यकर्ता बताने वाली त्रेहन को जब धरने वाली जगह से ले जाया जा रहा था तब उन्होंने जय श्री राम के नारे लगाए। अधिकारियों ने बताया कि त्रेहन ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल से निकलते समय सीजेपी समर्थकों ने उनकी पिटाई की। अपने फेसबुक अकाउंट पर त्रेहन ने अपनी पोस्ट में सीजेपी की कड़ी आलोचना की है। अपने बायो में उन्होंने खुद को हिंदू एंटरप्रेन्योर और पुरुषों की आवाज बताया है।

आखिरी बार उन्हें जंतर-मंतर पर 25 दिसंबर 2025 को देखा गया था, जब उन्होंने अपने एनजीओ पुरुष आयोग की ओर से आयोजित किए गए एक प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इस प्रदर्शन में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का समर्थन किया था। सेंगर पर उन्नाव में 17 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप था। त्रेहन टीवी डिबेट में रेगुलर आती हैं।

नीला मेरा पसंदीदा रंग है- दीपके

जयपुर में हुए एक पिछले हमले का जिक्र करते हुए सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि वे ऐसे हमलों से डरेंगे नहीं। घटना के तुरंत बाद उन पर फेंकी गई स्याही के रंग का जिक्र करते हुए दीपके ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि नीला मेरा पसंदीदा रंग है।

इस बीच, पुलिस ने कहा कि अधिकारियों ने त्रेहन को केवल विरोध स्थल से हटाया था, उन्हें हिरासत में नहीं लिया था। पुलिस के अनुसार, उन्हें छोड़ दिया गया और कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।

यह भी पढ़ें: ‘आजादी का दूसरा आंदोलन…’, संसद मार्च से पहले सोनम वांगचुक ने अस्पताल से लिखी चिट्ठी

दिल्ली पुलिस पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार तड़के धरनास्थल से उठाकर सफदरजंग अस्पताल ले गई थी। इसके बाद अब वांगचुक ने अस्पताल से एक मैसेज जारी किया है। इसमें उन्होंने लोगों से 20 जुलाई को संसद मार्च में शामिल होने की अपील की है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…