भारत के सीनियर डिप्लोमैट सुधाकर दलेला को नेपाल में अगले भारतीय राजदूत के तौर पर अपॉइंट किया गया है। कुछ दिन पहले ही सरकार ने सुधाकर दलेला के नाम का सुझाव दिया था। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को उनके नाम की आधिकारिक रूप से घोषणा कर दी।

वर्तमान में विदेश मंत्रालय में सचिव सुधाकर दलेला नेपाल में नवीन श्रीवास्तव की जगह लेंगे, जिन्होंने काठमांडू में अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दलेला जल्द ही अपना नया कार्यभार संभालेंगे।

नेपाली प्रधानमंत्री के भारत दौरे से पहले हुई नाम की घोषणा

सुधाकर दलेला की यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब भारत और नेपाल के बीच उच्चस्तरीय बातचीत की तैयारी चल रही है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के नवंबर के अंत में भारत के पहले द्विपक्षीय दौरे पर आने की उम्मीद है। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, बुनियादी ढांचे, हवाई संपर्क और लंबे समय से लंबित सीमा विवादों जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

नेपाल के साथ संबंधों को विशेष महत्व दे रहा भारत

भारत की ओर से दलेला की नियुक्ति की घोषणा से एक दिन पहले नेपाल ने भारत में अपने राजदूत के रूप में निश्चल नाथ पांडे के नाम को मंजूरी दी थी। दोनों देशों में राजनयिक स्तर पर हुई इन नियुक्तियों को द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दलेला की नियुक्ति का एक अहम पहलू उनका वरिष्ठ प्रशासनिक स्तर भी है। भारत आमतौर पर नेपाल में राजदूत के तौर पर अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारियों को नियुक्त करता रहा है। ऐसे में सचिव स्तर के अधिकारी को काठमांडू भेजना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि भारत अपने पड़ोसी देश के साथ संबंधों को विशेष महत्व दे रहा है।

कौन हैं सुधाकर दलेला?

1993 बैच के IFS अधिकारी सुधाकर दलेला 2009-2011 के दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय में डायरेक्टर के तौर पर नियुक्त हुए थे। इस दौरान उन्होंने दक्षिण एशिया, पूर्वी एशिया, इंडो-पैसिफिक और मध्य पूर्व के साथ भारत के संबंधों पर ध्यान केंद्रित किया। सुधाकर दलेला ने ब्रासीलिया, शिकागो, ढाका, जिनेवा, थिम्पू और वॉशिंगटन में भारतीय मिशनों में भी काम किया है।

सुधाकर दलेला को विदेश मंत्रालय में अपनी पिछली भूमिकाओं में नेपाल के साथ भारत के संबंधों को संभालने का अनुभव है। उन्होंने 2006-2007 के दौरान डायरेक्टर (नॉर्थ) और 2016-2019 के दौरान जॉइंट सेक्रेटरी (नॉर्थ) के तौर पर काम किया है।

सुधाकर दलेला दक्षिण एशियाई मामलों के अनुभवी राजनयिक हैं। वह वर्ष 2022 से 2025 के बीच भूटान में भारत के राजदूत के रूप में काम कर चुके हैं। भूटान में अपनी जिम्मेदारी पूरी करने के बाद सितंबर 2025 में उन्हें विदेश मंत्रालय में आर्थिक संबंधों का सचिव नियुक्त किया गया था। वह ब्रिक्स (BRICS), इब्सा (IBSA) और आई2यू2 (I2U2) जैसे समूहों में भारत के शेरपा भी रहे हैं।

यह भी पढ़ें: कौन हैं डॉ. सुधा यादव जिन्हें बनाया गया कर्नाटक का राज्यपाल? पहली बार चुनाव लड़ने के लिए PM मोदी ने दिए थे मां से मिले पैसे

बीजेपी की वरिष्ठ नेता डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। शुक्रवार (15 अक्टूबर 2026) को उन्होंने कर्नाटक की दूसरी महिला राज्यपाल के तौर पर शपथ ली। सुधा यादव हरियाणा से आती हैं और बीजेपी के संसदीय बोर्ड की सदस्य रह चुकी हैं। वह कारगिल युद्ध में शहीद हुए सेना के अधिकारी सुखबीर सिंह यादव की पत्नी हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…