तमिलनाडु की राजनीति पिछले कुछ दिनों से दिलचस्प घटनाओं का गवाह बन रही है। तमिलनाडु में विजय सरकार ने एक अहम प्रशासनिक फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के निजी ज्योतिषी रादन पंडित को मुख्यमंत्री कार्यालय में OSD (Officer on Special Duty) नियुक्त किया है। सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
रादन पंडित लंबे समय से मुख्यमंत्री विजय के करीबी माने जाते हैं। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा रही है कि चुनाव से पहले उन्होंने विजय की जीत की भविष्यवाणी की थी जो बाद में सही साबित हुई। अब उनकी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय में नियुक्ति को मुख्यमंत्री के भरोसे और निजी विश्वास से जोड़कर देखा जा रहा है।
गौर करने वाली बात है कि OSD पद पर नियुक्ति मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार होता है। रादन पंडित प्रशासनिक समन्वय और विशेष कार्यों में मुख्यमंत्री की सहायता करेंगे। लेकिन क्या आपको पता है कि रादन पंडित आखिर हैं कौन? चलिए आज बात करते हैं अभिनेता से राजनेता बने विजय की ‘बंपर जीत’ की भविष्यवाणी करने वाले रादन पंडित की…
रादन पंडित हैं कौन?
रादन पंडित के जिक्र के साथ ही तमिलनाडु की राजनीति और दिलचस्प हो जाती है। इस तमिल राज्य को ऐसी जगह के रूप में जाना जाता रहा है जहां राजनेताओं के सनातन-विरोधी बयान अक्सर चर्चा में आते रहते हैं। रादन पंडित का नाम अचानक सुर्खियों में आने की वजह सिर्फ एक भविष्यवाणी सच होने के चलते नहीं है। राजनीतिक और फिल्मी जगत की कई चर्चित हस्तियों से उनके करीबी संबंधों की चर्चा होती रही है। रादन पंडित अक्सर चुनावी भविष्यवाणियों और राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं।
रादन पंडित देश के चर्चित सेलिब्रिटी और राजनीतिक ज्योतिषियों में गिने जाते हैं। उन्हें वैदिक ज्योतिष, अंक ज्योतिष (Numerology) और मेडिटेशन आधारित सलाह के क्षेत्र में चार दशक से अधिक का अनुभव है।
अपनी वेबसाइट पर रादन पंडित अपने परिचय में कहते हैं कि उनका जन्म तमिलनाडु की पवित्र भूमि में हुआ और पिछले चार दशकों से उन्होंने ज्योतिष, ध्यान और आध्यात्मिक परिवर्तन के जरिए मानव क्षमता के आंतरिक जागरण को समर्पित किया है। उनका मानना है कि वास्तविक सफलता भीतर से शुरु होती है। गहरी आध्यात्मिक समझ और ध्यान की साधनाओं के माध्यम से वे लोगों को उनकी जीवन ऊर्जा और उद्देश्य के बीच संतुलन स्थापित करने में मार्गदर्शन देते हैं।
रादन पंडित का दावा है कि उन्होंने भारत और दुनिया भर के कई नेताओं, उद्योगपतियों और फैसला लेने वाले लोगों को मार्गदर्शन दिया है। वह खुद को तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता का आध्यात्मिक मार्गदर्शक भी बताते हैं।
मूल रूप से तमिलनाडु से संबंध रखने वाले रादन पंडित ने अपनी ज्योतिष प्रैक्टिस मुख्य रूप से दिल्ली से शुरू की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली आने से पहले उनका नाम ‘पंडित वेट्ट्रीवेल’ था। साल 2008 में राजधानी दिल्ली शिफ्ट होने के बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर रादन पंडित रख लिया। उनके क्लाइंट्स की सूची भारतीय राजनीति की बड़ी हस्तियों से भरी रही है। बताया जाता है कि उन्होंने पिछले कई दशकों में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, डीएमके और AIADMK के कई वरिष्ठ नेताओं को सलाह दी है।
रादन पंडित वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को अपना गुरू बताते हैं। उनकी प्रीमियम सर्विस ‘365 Days Predictions’ खास तौर पर कॉर्पोरेट CEOs और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के लिए बताई जाती है।
2024 में कर दी थी विजय की जीत की भविष्यवाणी
रादन पंडित अभिनेता से राजनेता बने विजय और उनकी पार्टी टीवीके के सबसे मुखर समर्थकों में गिने जाते हैं। उन्होंने कई बार सार्वजनिक तौर पर दावा किया कि विजय की कुंडली में राजनीति में बड़ी सफलता के ‘सुनामी जैसी जीत के योग’ मौजूद हैं।
साल 2024 में जारी एक यूट्यूब वीडियो में रादन पंडित ने विस्तार से समझाया था कि विजय राजनीति में सफल क्यों होंगे। वीडियो में उन्होंने विजय के राजनीतिक सफर और उनकी पार्टी तमिऴगा वेत्री कड़गम का ज्योतिषीय विश्लेषण किया था। रादन पंडित का दावा था कि पार्टी का नाम विजय की जन्मतिथि और अंक ज्योतिष के हिसाब से पूरी तरह मेल खाता है जो राजनीतिक सफलता के लिए बेहद शुभ संकेत है।
साल 2024 के उस वीडियो में रादन पंडित ने तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव की भविष्यवाणी की थी। उन्होंने दावा किया था कि आने वाले समय में विजय की टीवीके और उदयानिधि स्टालिन की डीएमके के बीच बड़ी राजनीतिक टक्कर देखने को मिलेगी। रादन पंडित ने यह भी कहा था कि 2026 के चुनाव तक विजय तमिलनाडु की राजनीति में ‘एक बड़ी ताकत’ बनकर उभरेंगे। उनकी इस भविष्यवाणी को अब चुनावी माहौल और TVK की बढ़ती राजनीतिक मौजूदगी के संदर्भ में फिर से चर्चा में लाया जा रहा है।
