चुनाव आयोग ने नीलम मीणा को पश्चिम बंगाल राज्य का मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। नीलम मीणा 1998 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में नीलम मीणा उपभोक्ता मामलों के विभाग में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत हैं। नीलम मीणा वर्तमान मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल की जगह लेंगी।

मनोज कुमार अग्रवाल की जगह लेंगी नीलम मीणा

बता दें कि मनोज कुमार अग्रवाल का प्रमोशन हुआ है और उन्हें पश्चिम बंगाल का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। शुभेंदु अधिकारी ने सीएम पद की शपथ लेने के बाद ही मनोज कुमार अग्रवाल को मुख्य सचिव बनाया था।

नीलम मीणा के पास 28 साल का अनुभव

नीलम मीणा प्रधान सचिव के अलावा निदेशक, सचिव, उपाध्यक्ष, निजी सचिव, जिला कलेक्टर और मजिस्ट्रेट जैसे अहम पद भी संभाल चुकी हैं। नीलम मीणा का जन्म 5 फरवरी 1970 को हुआ था। उन्होंने बीएससी और एमए की डिग्री भी हासिल की है। नीलम मीना को काफी लंबा प्रशासनिक अनुभव है। वह बेहद कड़क अधिकारी मानी जाती हैं और पश्चिम बंगाल कैडर की हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान भी नीलम मीणा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली थी। मतदान केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।

बता दें कि जिस मुख्य कंट्रोल रूम से बंगाल के वोटिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही थी, उसकी कमान नीलम मीणा के ही हाथों में थी। उनके निष्पक्ष और कड़क ट्रैक रिकार्ड को देखते हुए अब उन्हें बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी मिली है।

बता दें कि 3 दिन पहले ही बंगाल सरकार ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों के नाम को चुनाव आयोग के पास मुख्य निर्वाचन अधिकारी पद के लिए भेजा था। इनमें नीलम मीणा, तन्मय चक्रवर्ती और मौमिता गोदारा बसु का नाम शामिल था। ऐसे में यह तय गया था कि इन तीनों में से ही कोई अगला बंगाल का मुख्य निर्वाचन अधिकारी होगा। नीलम मीणा के अलावा तन्मय चक्रवर्ती श्रम विभाग के अधीन कर्मचारी राज्य बीमा परियोजना के निदेशक पद पर कार्यरत हैं। जबकि मौमिता बसु स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में काफी चर्चित नाम हैं।

(यह भी पढ़ें- मनोज कुमार अग्रवाल को बनाया गया बंगाल का मुख्य सचिव तो भड़की TMC)

मनोज कुमार अग्रवाल को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त करने के बाद TMC ने बीजेपी पर निशाना साधा। तृणमूल नेता साकेत गोखले ने इस कदम को बेशर्मी की हद करार दिया और पार्टी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने मजाकिया लहजे में इसे संयोग बताया। पढ़ें पूरी खबर