Who is Menaka Guruswamy: देश की संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा के चुनावों का ऐलान हो गया है और पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी टीएमसी ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। इन प्रत्याशियों में एक नाम अहम है जिसके जरिए टीएमसी देश की संसदीय राजनीति में इतिहास रचने वाली है। टीएमसी ने मेनका गुरुस्वामी को अपनी प्रत्याशी बनाया है, जो कि एलजीबीटीक्यू समुदाय से आती हैं। अगर वो राज्यसभा में पहुंचती हैं तो वो देश की पहली LGBTQ सांसद होंगी।
मेनका गुरुस्वामी की बात करें तो वो सुप्रीम कोर्ट की मशहूर वकील हैं, इसके अलावा वे LGBTQ+ समुदाय के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक जाना-माना चेहरा हैं। वह खुद को LGBTQ+ समुदाय का मानती हैं। बता दें कि साल 2019 में सीएनएन को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने सबसे पहले सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार किया था कि वे एक लेस्बियन कपल हैं। उनकी पार्टनर अरुंधति काटजू भी एक मशहूर वकील हैं।
सुप्रीम कोर्ट लड़ी थी अधिकारों की लड़ाई
साल 2018 में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में सेक्शन 377 को रद्द करने के ऐतिहासिक केस में एक साथ लड़ाई लड़ी और जीत हासिल की। उनकी इस लड़ाई ने भारत में होमोसेक्शुएलिटी को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया था।
इस कानूनी जीत को LGBTQ+ अधिकारों के क्षेत्र में एक मील का पत्थर माना जाता है। उन्होंने अपने इंटरव्यू में इस लड़ाई को पर्सनल जीत बताया था।
I-PAC से क्या है कनेक्शन?
खास बात यह है कि टीएमसी के लिए चुनावी रणनीति बनाने वाली कंपनी आईपैक से भी मेनका गुरुस्वामी का कनेक्शन है। मेनका गुरुस्वामी ने आईपैक के ईडी वाले केस में पक्षकार के तौर पर बहस की थी।
ईडी की तलाशी के बाद तृणमूल कांग्रेस ने पार्टी की कॉन्फिडेंशियल जानकारी की सुरक्षा की मांग करते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट में केस किया था। उन्होंने वह केस लड़ा था। सुनवाई के दौरान एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने ममता बनर्जी को ‘ममता’ कहा तो मेनका ने उनसे ‘मर्यादा बनाए रखने’ को कहा। इसके चलते बड़ा हंगामा हो गया था।
पिता का था बीजेपी से कनेक्शन
बता दें कि मेनका गुरुस्वामी के पिता मोहन गुरुस्वामी बीजेपी के पूर्व स्ट्रैटेजिस्ट हैं। वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा की स्पेशल एडवाइजर भी थे।
यह भी पढ़ें: बाबुल सुप्रियो, पूर्व डीजीपी राजीव कुमार को राज्यसभा भेजेगी टीएमसी, पार्टी ने 4 उम्मीदवारों की घोषणा की

तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अप्रैल महीने में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। टीएमसी ने मंत्री बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार (पूर्व DGP, पश्चिम बंगाल), मेनका गुरुस्वामी और कोयल मलिक को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। बाबुल सुप्रियो पहले भी भाजपा के टिकट पर लोकसभा सांसद रह चुके हैं। पढ़िए पूरी खबर…
