जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार रात एक जानलेवा हमला हुआ। इस हमले में वे बाल-बाल बच गए। असल में फारूक अब्दुल्ला दिल्ली के ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क में एक शादी समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उनके साथ वहां जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी मौजूद थे।
इसी दौरान अचानक फायरिंग की घटना हुई, जिसमें फारूक अब्दुल्ला सुरक्षित बच गए। पुलिस ने घटना के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी जामवाल नशे की हालत में था। आरोपी की उम्र 60 साल से अधिक है और वह शादी के कार्यक्रम स्थल के बाहर अब्दुल्ला के आने का इंतजार कर रहा था।
एक रिपोर्ट के मुताबिक फारूक अब्दुल्ला पर हमला करने वाले शख्स का नाम कमल सिंह जामवाल बताया जा रहा है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला है।
कौन है कमल सिंह जामवाल?
कमल सिंह जामवाल का जन्म 1963 में हुआ था। जम्मू के पुराने शहर इलाके में उसकी कई दुकानें हैं और उन्हीं से उसका गुजारा चलता है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि फारूक अब्दुल्ला के खिलाफ उसका गुस्सा नया नहीं है। उसने बताया कि वह पिछले करीब 20 साल से उन्हें मारना चाहता था और इसके पीछे उसका एक निजी एजेंडा भी था। पुलिस के मुताबिक जिस पिस्तौल से आरोपी ने गोली चलाई, वह उसी की लाइसेंसी बंदूक है।
सीएम उमर ने क्या कहा?
इस घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की प्रतिक्रिया भी सामने आई। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अल्लाह का शुक्र है कि उनके पिता इस हमले में बाल-बाल बच गए। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि जिस नेता को जेड-प्लस और एनएसजी सुरक्षा मिली हुई हो, उसके इतने करीब कोई व्यक्ति हथियार लेकर कैसे पहुंच गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
