बीजेपी की वरिष्ठ नेता डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। शुक्रवार (15 अक्टूबर 2026) को उन्होंने कर्नाटक की दूसरी महिला राज्यपाल के तौर पर शपथ ली। सुधा यादव हरियाणा से आती हैं और बीजेपी के संसदीय बोर्ड की सदस्य रह चुकी हैं। वह कारगिल युद्ध में शहीद हुए सेना के अधिकारी सुखबीर सिंह यादव की पत्नी हैं।

जैसा कि हमने बताया कि कर्नाटक में सुधा यादव राज्यपाल का पद संभालने वाली दूसरी महिला होंगी। उनसे पहले वीएस रमादेवी ने 1999 से 2002 तक इस पद की जिम्मेदारी संभाली थी। सुधा यादव की नियुक्ति के साथ कर्नाटक के मौजूदा राज्यपाल थावरचंद गहलोत का कार्यकाल समाप्त होगा जो 21 जुलाई 2021 से इस पद पर हैं।

कौन हैं डॉ. सुधा यादव?

डॉक्टर सुधा यादव हरियाणा की बीजेपी नेता हैं। वह 1999 से 2004 तक महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से सांसद रहीं। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य के रूप में भी काम किया। वह बीजेपी के संसदीय बोर्ड में भी शामिल रही हैं जो पार्टी के सभी बड़े फैसले लेता है।

सुधा यादव का एजुकेशन बैकग्राउंड भी खास है। उन्होंने रसायन विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की से पीएचडी की डिग्री हासिल की है।

उनके जीवन का एक अहम पहलू उनके परिवार से जुड़ा है। वह कारगिल युद्ध में शहीद हुए डिप्टी कमांडेंट सुखबीर सिंह यादव की पत्नी हैं। पति की शहादत के बाद परिवार और बच्चों को संभालने की जिम्मेदारी सुधा पर आ गई। वह राजनीति में नहीं आना चाहती थीं।

युद्ध के ठीक बाद लोकसभा चुनाव हो रहे थे। नरेंद्र मोदी तब हरियाणा में पार्टी के प्रभारी थे। उम्मीदवारों की लिस्ट फाइनल हो रही थी। लेकिन महेंद्रगढ़ सीट पर पेंच फंस गया। यहां कांग्रेस ने राव इंद्रजीत सिंह को मैदान में उतारा था। बीजेपी कश्मकश में थी। स्थानीय नेताओं ने सुधा यादव का नाम सुझाया। बाद में नरेंद्र मोदी ने खुद व्यक्तिगत तौर पर टेलीफोन से उनसे बात की और चुनाव लड़ने के लिए राजी करवा लिया था। सुधा यादव साल 1999 से लेकर साल 2004 तक लोकसभा सांसद रह चुकी हैं।

हालांकि इसके बाद सुधा यादव 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव हार गई थीं। 2014 तक उनके पुराने प्रतिद्वंद्वी इंद्रजीत सिंह भी बीजेपी में शामिल हो चुके थे।

2015 में बनीं ओबीसी मोर्टा का राष्ट्रीय प्रभारी

नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से सुधा यादव को लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी का टिकट नहीं दिया गया। हालांकि बीजेपी ने उन्हें संगठन में कई अहम जिम्मेदारियां सौंपीं। जुलाई 2015 में उन्हें बीजेपी ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय प्रभारी बनाया गया। इसके बाद 2019 से 2022 तक उन्होंने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य के तौर पर काम किया।

अगस्त 2022 में सुधा यादव को बीजेपी के संसदीय बोर्ड में शामिल किया गया। वह इस बोर्ड में जगह पाने वाली दूसरी महिला थीं। उनसे पहले सुषमा स्वराज इस पद पर रह चुकी थीं।

राज्यसभा सांसद और हरियाणा बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि सुधा यादव आज भी हरियाणा में पार्टी की सबसे सम्मानित नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद उन्हें चुनाव लड़ने का मौका भले ही नहीं मिला लेकिन संगठन में उन्हें कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं।

PM मोदी ने मां से मिले पैसे दिए थे

डॉ. सुधा यादव ने 2022 में Modistory.in को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि पति के कारगिल युद्ध में शहीद होने के बाद बीजेपी के कई कार्यकर्ता उनसे चुनाव लड़ने की अपील कर रहे थे लेकिन राजनीति में अनुभव न होने के कारण वह तैयार नहीं थीं। इसी दौरान उनकी बात नरेंद्र मोदी से हुई। उस समय मोदी बीजेपी के प्रदेश प्रभारी थे। उन्होंने सुधा यादव को चुनाव लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया और भरोसा दिलाया कि वह बाकी चीजों की चिंता न करें।

सुधा यादव के मुताबिक, जब उनका टिकट फाइनल हो गया तो वह नरेंद्र मोदी से मिलने पहुंचीं। एक सभा में मोदी ने बताया कि उनकी मां जब भी उन्हें पैसे देती हैं तो पिछली बार उन्हें 11 रुपये मिले थे। उन्होंने ये 11 रुपये सुधा यादव के चुनाव अभियान में योगदान के तौर पर देने की बात कही। मोदी ने सभा में मौजूद लोगों से भी अपील की कि वे घर लौटने के लिए जरूरी पैसे बचाकर बाकी रकम चुनाव के लिए योगदान करें।

सुधा यादव ने बताया कि इस अपील के बाद उनके चुनाव के लिए करीब साढ़े सात लाख रुपये जुटाए गए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के इस सहयोग से उनका उनसे भावनात्मक जुड़ाव हो गया था। बाद में सुधा यादव महेंद्रगढ़ सीट से 1999 का लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचीं।

सुधा यादव की राज्यपाल के रूप में नियुक्ति उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन में उनकी भूमिका के लिहाज से अहम मानी जा रही है। अब वह कर्नाटक में संवैधानिक पद की जिम्मेदारी संभालेंगी।

यह भी पढ़ें: कुछ लोग बांग्लादेश की घटनाओं से प्रेरित होकर सत्ता परिवर्तन चाहते हैं- रक्षा मंत्री राजनाथ

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार सुबह लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ‘सत्ता परिवर्तन’ के दावे पर विपक्ष और इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। रक्षा मंत्री ने कहा कि देश के नौजवानों को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाने की कोशिश की जा रही है।