Bihar MP Pappu Yadav News: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पटना के एक हॉस्टल में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की मौत के संबंध में आवाज उठाने के लिए गिरफ्तार किया गया और इस कार्रवाई को उन्होंने राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “पटना में NEET की आकांक्षी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर सिस्टम की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है। पीड़ित परिवार ने जब निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो वही पुराना भाजपा-NDA मॉडल सामने आ गया – केस को भटकाओ, परिजनों को प्रताड़ित करो और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण दो।”

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने आगे कहा, “इस बेटी के लिए न्याय की आवाज बनकर साथी सांसद पप्पू यादव जी मजबूती से खड़े हुए। आज उनकी गिरफ्तारी साफ तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध है ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को डराया और दबाया जा सके। सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि यह घटना किसी एक मामले तक सीमित नहीं दिखती। यह एक भयावह साजिश और खतरनाक पैटर्न की ओर इशारा करती है, जहां और भी बेटियां शिकार बन रही हैं और सत्ता इस खौफनाक सच्चाई से आंखें मूंद कर बैठी है। यह राजनीति नहीं, इंसाफ का सवाल है। यह बिहार की बेटी की इज्जत और सुरक्षा का सवाल है।”

पप्पू यादव के समर्थन में उतरी प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने भी पप्पू यादव के प्रति एकजुटता व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “पटना के हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ रेप और हत्या का मामला झकझोर देने वाला है। यह केस सामने आने के बाद सरकार का रवैया उससे भी ज्यादा खौफनाक है। FIR दर्ज होने से लेकर जांच और कार्रवाई तक – सब कुछ संदिग्ध बना दिया गया है। यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है।”

प्रियंका गांधी ने कहा, ” हाथरस, उन्नाव से लेकर अंकिता भंडारी और पटना तक- जहां भी महिलाओं के साथ अत्याचार होता है, भाजपा की सरकारें पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों के साथ खड़ी हो जाती हैं। इस केस में आवाज उठा रहे सांसद पप्पू यादव जी की गिरफ्तारी इसी असंवेदनशील रवैये की एक और कड़ी है। भाजपा और उनके सहयोगियों का एजेंडा स्पष्ट है- वे अन्याय और अत्याचार के साथ खड़े हैं।”

पप्पू यादव को किस मामले में किया गया गिरफ्तार

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को 1995 के एक मामले में गिरफ्तारी के बाद तबीयत बिगड़ने पर शनिवार को पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया। यादव को शुक्रवार रात इंदिरा गांधी आयुर्वेद संस्थान में भर्ती कराया गया था और बाद में उन्हें स्ट्रेचर पर पटना अस्पताल लाया गया। पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. राजीव कुमार सिंह ने एएनआई को बताया कि पप्पू यादव की मेडिकल जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि एग्जामिनेशन रूम में एंट्री करने से बाकी मरीजों को परेशानी हो सकती है और यादव का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा है।

पप्पू यादव की गिरफ्तारी 1995 के एक कथित जमीन विवाद मामले में अदालत में पेश न होने के बाद हुई। इस मामले में धारा 419, 420, 468, 448, 506 और 120बी सहित कई आरोप शामिल हैं और यह गार्डनीबाग पुलिस स्टेशन से जुड़ा हुआ है। पूरा मामले पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…