भारत सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है। राष्ट्रपति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वर्तमान में वायुसेना के उप प्रमुख के पद पर कार्यरत एयर मार्शल दीक्षित 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर एयर चीफ मार्शल के पद पर भारतीय वायुसेना प्रमुख का कार्यभार संभालेंगे। वह वायुसेना के 29वें प्रमुख होंगे। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक रहेगा।

मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे। इसके बाद आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना की कमान संभालेंगे। उन्हें स्वदेशी लड़ाकू विमान एलसीए तेजस और वायुसेना से जुड़ी अन्य स्वदेशी विमान परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी जाना जाता है। ऐसे में उनके कार्यकाल में आत्मनिर्भर भारत की पहल को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कौन हैं एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित?

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित का जन्म 9 दिसंबर 1966 को हुआ था। उन्हें 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। करीब चार दशक के अपने सैन्य करियर में उन्होंने वायुसेना में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।

वह नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने अपने लंबे मिलिट्री करियर के दौरान कई तरह के एयरक्राफ्ट पर 3,500 घंटे से ज्यादा का फ्लाइंग अनुभव हासिल किया है।

तेजस समेत इन विमानों को उड़ाने का अनुभव

एयर मार्शल दीक्षित एक एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं। उन्होंने मिराज-2000, मिग के विभिन्न संस्करणों, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस जैसे विमानों को उड़ाया है।

स्वदेशी एलसीए तेजस और देश में विकसित हो रही अन्य विमान परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। इसी वजह से वायुसेना में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उनके अनुभव को अहम माना जा रहा है।

कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं

उप वायुसेना प्रमुख बनने से पहले एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कई अहम पदों पर काम किया। वह हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ टू द चेयरमैन, चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के पद पर रहे हैं।

इसके अलावा वह एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, सेंट्रल एयर कमांड की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उन्होंने पश्चिमी सेक्टर में एक फ्रंटलाइन फाइटर एयर बेस और दक्षिणी सेक्टर में एक प्रमुख फाइटर ट्रेनिंग बेस की कमान भी संभाली है।

ऑपरेशन सिंदूर समेत कई अभियानों का हिस्सा

करीब चार दशक के करियर के दौरान एयर मार्शल दीक्षित कई अभियानों और सैन्य अभ्यासों से जुड़े रहे हैं। इनमें ऑपरेशन सागर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर शामिल हैं। विभिन्न जिम्मेदारियों में रहते हुए उन्होंने भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता को मजबूत करने में योगदान दिया।

मिल चुके हैं कई बड़े सैन्य सम्मान

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को उनकी विशिष्ट और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कई सैन्य सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें PVSM, AVSM, VM और VSM जैसे सैन्य सम्मानों से भी सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें वर्ष 2006 में वायु सेना मेडल, 2011 में विशिष्ट सेवा मेडल, 2023 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और 2026 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें: ‘नरेंद्र मोदी को डर लग रहा है और डरना भी चाहिए’, इंडिया ब्लॉक प्रोटेस्ट में शामिल पवन खेड़ा का सरकार पर निशाना

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR को हटाने की मांग को लेकर इंडिया ब्लॉक का पैदल मार्च आकाशवाणी भवन तक पहुंच गया जहां पुलिस ने इस मार्च को रोक दिया और आगे नहीं बढ़ने दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।