दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर के बाहर 100 से अधिक पुलिसकर्मियों के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले एसीपी मनस्वी वशिष्ठ को गृह मंत्रालय ने मंगलवार को सस्पेंड कर दिया। उनका सस्पेंशन शाहदरा पुलिस स्टेशन में वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई झड़प के बाद हुए पुलिस अफसरों के ट्रांसफर के खिलाफ विरोध दर्ज कराने को लेकर था।
दिल्ली पुलिस के इस सीनियर कॉप के बारे में हर कोई जानना चाहता है जिसने वर्दी में ऑन ड्यूटी होते हुए आखिर पुलिस डिपार्टमेंट के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया। दिल्ली पुलिस का यह अफसर पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) रह चुका है। हालांकि 2025 में उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था।
कौन हैं एसीपी मनवी वशिष्ठ?
2019 बैच के DANIPS (दिल्ली, अंडमान और निकोबार आइलैंड्स पुलिस सर्विस ) अधिकारी मनवी वशिष्ठ ने अपने करियर में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और दिल्ली पुलिस सिक्योरिटी यूनिट में काम किया है। डॉक्टर परिवार से ताल्लुक रखने वाले वशिष्ठ का जयपुर में पालन-पोषण हुआ। उनकी स्कूलिंग भी वहीं से हुई। इसके बाद 2009 से 2013 के बीच IIT खड़गपुर से उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं।
जम्मू-कश्मीर में रही पोस्टिंग
पढ़ाई पूरी होने के बाद मनवी वशिष्ठ सबसे पहले साल 2016 में SSB में शामिल हुए। यहां चार साल के कार्यकाल के दौरान उनकी जम्मू-कश्मीर और बिहार में पोस्टिंग रही। इसके बाद वह 2019-20 बैच के DANIPS अधिकारी के रूप में सेवा में आए।
2022 में गए अंडमान और निकोबार
दिल्ली में शुरुआती ट्रेनिंग और पोस्टिंग के बाद 2022 में उन्हें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह भेजा गया। वहां उन्होंने डिगलीपुर और हैवलॉक में डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) के रूप में काम किया। दिसंबर 2024 में वह वापस दिल्ली लौट आए।
पुतिन की सुरक्षा व्यवस्था में मिली जिम्मेदारी
दिल्ली लौटने के बाद मनवी वशिष्ठ ने राजधानी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। दिसंबर 2025 में उन्हें गांधी नगर में ACP के पद पर तैनात किया गया, जहां उन्होंने करीब तीन महीने तक काम किया। इसके बाद वह दिल्ली पुलिस की सिक्योरिटी यूनिट का हिस्सा बने। इस दौरान उन्होंने AI समिट और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दौरे के लिए सुरक्षा व्यवस्था में भूमिका निभाई। मार्च 2026 में उन्हें दोबारा गांधी नगर में ACP के पद पर तैनात किया गया।
अपने सस्पेंशन पर क्या बोले मनवी वशिष्ठ
अपने सस्पेंशन पर बोलते हुए मनस्वी वशिष्ठ ने कहा है, “मैं आहत नहीं हुआ हूं, मजबूत हो गया हूं। देश का कानून चलेगा और न्याय होगा।” वहीं गृह मंत्रालय की ओर से उनके सस्पेंशन का कारण नहीं बताया गया। हालांकि आदेश में यह कहा गया है कि सस्पेंशन की अवधि के दौरान वशिष्ठ का मुख्यालय दिल्ली रहेगा। उन्हें सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
आदेश में यह भी कहा गया है कि सस्पेंशन के दौरान उन्हें आधी औसत सैलरी या आधी सैलरी के बराबर छुट्टी वेतन के आधार पर गुजारा भत्ता मिलेगा। इसके साथ महंगाई भत्ता भी दिया जा सकता है, बशर्ते वह किसी अन्य व्यवसाय, पेशे या काम से आय अर्जित नहीं कर रहे हों।
यह भी पढ़ें: ACP मनस्वी वशिष्ठ सस्पेंड, दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर किया था प्रदर्शन
पुलिस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के बाद असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड कर दिया गया है। 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में वकीलों के साथ हुई झड़प के बाद दो अधिकारियों के तबादले के विरोध में सोमवार को एसीपी वशिष्ठ ने पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों का साथ दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर…
