पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी से नाता तोड़ने के कुछ दिनों बाद तीन नेताओं ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। बीजेपी में शामिल होने वाले नेताओं में दो बागी विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा के अलावा निलंबित विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह शामिल हैं। इन नेताओं के पार्टी छोड़ने से पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
तीनों नेताओं ने अलग-अलग वजहों से AAP से दूरी बनाई थी। पठानमाजरा और जौड़ामाजरा ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था जबकि कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोमवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। आपको बताते हैं कि कौन हैं BJP में शामिल होने वाले तीनों नेता…
हरमीत सिंह पठानमाजरा
हरमीत सिंह पठानमाजरा पटियाला जिले की सनौर विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने भगवंत मान सरकार पर पंजाब की प्रमुख समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए AAP छोड़ी। उनके मुताबिक, राज्य में नशे की समस्या, बढ़ता कर्ज और शासन से जुड़े मुद्दों पर सरकार प्रभावी कदम उठाने में नाकाम रही है।
उनका इस्तीफा ऐसे समय आया, जब AAP ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। इस सूची में सनौर सीट शामिल नहीं थी। पार्टी ने इस्तीफे से पहले पठानमाजरा को निलंबित भी कर दिया था।
चेतन सिंह जौड़ामाजरा
चेतन सिंह जौड़ामाजरा पटियाला जिले की समाना विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह भगवंत मान सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने जनवरी 2023 से सितंबर 2024 तक मंत्री पद संभाला था। लेकिन कैबिनेट फेरबदल के दौरान उन्हें हटा दिया गया।
जौड़ामाजरा ने भी रविवार को AAP की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पंजाब सरकार पर राज्य के अहम मुद्दों का समाधान करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। समाना सीट भी AAP की पहली उम्मीदवार सूची में शामिल नहीं थी।
AAP ने पठानमाजरा और जौड़ामाजरा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबित किया था। पार्टी ने दोनों विधायकों की सदस्यता रद्द कराने के लिए विधानसभा अध्यक्ष के पास जाने की बात भी कही थी।
कुंवर विजय प्रताप सिंह
कुंवर विजय प्रताप सिंह अमृतसर नॉर्थ से विधायक हैं और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के पूर्व अधिकारी रह चुके हैं। जून 2025 में उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पांच साल के लिए AAP से निलंबित कर दिया गया था।
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब सरकार की कार्यशैली और बेअदबी मामलों की जांच को लेकर कई बार सवाल उठाए थे। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की कार्रवाई की भी आलोचना की थी।
वह 2015 के कोटकपूरा और बहिबल कलां पुलिस फायरिंग मामलों की जांच करने वाली पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) का हिस्सा रह चुके हैं। सोमवार को उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को अपना इस्तीफा सौंप दिया और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी।
‘कबाड़ की दुकान’
तीनों नेताओं के बीजेपी में शामिल होने के बाद पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। पंजाब AAP अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने आरोप लगाया कि बीजेपी दूसरी पार्टियों को छोड़ने या निकाले जाने वाले नेताओं को अपने साथ शामिल करने की कोशिश कर रही है।
वहीं, AAP के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने बीजेपी को ‘कबाड़ की दुकान’ बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी दूसरी जगहों से खारिज किए गए राजनीतिक चेहरों को इकट्ठा कर रही है।
बदलेगा पंजाब का सियासी समीकरण?
पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं। उससे पहले AAP के तीन नेताओं का बीजेपी में शामिल होना राज्य की राजनीति में अहम माना जा रहा है। खास बात यह है कि इन नेताओं ने पार्टी नेतृत्व और भगवंत मान सरकार के कामकाज के तरीकों पर सवाल उठाते हुए AAP छोड़ी है।
