महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार सहित सभी विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। यह विमान हादसा बारामती में उस समय हुआ, जब विमान लैंडिंग कर रहा था। इस विमान ने सुबह आठ बजकर दस मिनट पर मुंबई से उड़ान भरी थी। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के समय बारामती एयरपोर्ट पर लो विजिबिलिटी थी।
विमान हादसे में किस-किस ने गंंवाई जान?
जनसत्ता की सहयोगी वेबसाइट लोकसत्ता की खबर के अनुसार, हादसे में समय अजित पवार के अलावा प्लेन में अजित पवार के PSO विदीप जाधव, पायलट कैप्टन सुमित कपूर, कैप्टन सांभवी पाठक और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली सवार थे। अजित पवार के शव की पहचान उनके कपड़ों से की गई है।
हादसे जांच के लिए दिल्ली से बारमती रवाना हुई टीम
न्यूज एजेंसी ANI द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की टीम क्रैश लैंडिंग की जांच करने और छानबीन शुरू करने के लिए दिल्ली से बारामती के लिए रवाना हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?
मीडिया से बात करते हुए एक महिला ने बताया कि उसने बुधवार सुबह विमान को बारामती एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाते हुए देखा महिला ने बताया, “हवा में एक चक्कर लगाने के बाद विमान थोड़ा अस्थिर लग रहा था और जैसे ही यह उतरने के लिए हवाई पट्टी के पास पहुंचा यह जमीन से जोर से टकराया और उसमें विस्फोट हो गया। एक जोरदार आवाज हुई जो हमारे घर तक सुनाई दी।”
उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद विमान के कई हिस्से हवा में उछले। मलबे का कुछ हिस्सा उनके घर के पास भी गिरा। उन्होंने कहा, “विमान नीचे गिरने से पहले एक तरफ झुक गया था। हमने विस्फोट देखा और यह बहुत भयावह था।”
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने भी कहा कि ऐसा लग रहा था कि उतरते समय विमान का बैलेंस बिगड़ गया था। उन्होंने मीडिया से बताया, “विमान जिस तरह से नीचे आ रहा था, हमें लग गया था कि वह दुर्घटनाग्रस्त हो जाएगा। वह हवाई पट्टी से लगभग 100 फुट ऊपर था। जैसे ही हम विमान की ओर दौड़े, हमने आग की लपटें देखीं जिसके बाद लगातार चार से पांच धमाके हुए, जिससे हमें विमान के पास नहीं गए।”
यहां पढ़िए अजित पवार के निधन और विमान हादसे से जुड़े लेटेस्ट अपडेट
