Tamil Nadu News: तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने रविवार को अपने नए शुरू किए गए आंदोलन वी द लीडर्स के लिए रोडमैप बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि धर्म इस संगठन के दायरे से बाहर है और दोहराया कि यह आगे चलकर एक राजनीतिक पार्टी बन जाएगा।
अन्नामलाई ने पोल्लाची में अपने फाउंडेशन के पहले नशा-रोधी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें एक राष्ट्रवादी और भारतीय होने पर गर्व है। उन्होंने कहा, “धर्म इस संगठन के दायरे से बाहर है। हमारी राजनीति तमिलनाडु को एक अग्रणी राज्य बनाने पर केंद्रित है। जिम्मेदारी ही हमारी पहचान है। ‘वी द लीडर्स’ एक राजनीतिक पार्टी में बदलने के लिए तैयार है। यह बदलाव सही समय पर होगा।”
अपनी जाति और धर्म घर के अंदर ही छोड़ देता हूं- अन्नामलाई
तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई ने कहा, “मैं हिंदू हूं, लेकिन जब मैं बाहर निकलता हूं, तो अपनी जाति और धर्म को घर के अंदर ही छोड़ देता हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि यह आंदोलन मेंबरशिप ड्राइव के जरिये नहीं, बल्कि लोगों के लिए एक सामूहिक मंच के तौर पर बनाया जा रहा है। अन्नामलाई ने यह भी कहा, “मैंने लोगों की बेहतर सेवा करने के लिए बीजेपी छोड़ी, न कि उनकी आलोचना करने के लिए।”
आंदोलन में महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी
अन्नामलाई ने कहा, “मैंने किसी को भी आंदोलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित नहीं किया है। ‘वी द लीडर्स’ में मैं आप में से ही एक हूं। हमें अगले छह महीनों में 50 लाख पेड़ लगाने की योजना बनानी चाहिए।” अन्नामलाई ने कहा कि आंदोलन में महिलाओं और युवाओं की बड़ी हिस्सेदारी है और भविष्यवाणी की कि तमिलनाडु के राजनीतिक भविष्य में जेन जी निर्णायक भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा, “हमारे आंदोलन में 17% महिलाएं हैं। उनमें से 14% 18-25 साल की उम्र की हैं। 54% लोग 35 साल से कम उम्र के हैं। 2031 के चुनावों में बड़ा बदलाव आएगा। जेन जी ने 2026 के चुनाव में बदलाव किया था, वे 2031 में भी एक और बदलाव लाएंगे।”
पूर्व बीजेपी नेता ने सत्ताधारी टीवीके सरकार का समर्थन करते हुए कहा कि वी द लीडर्स फाउंडेशन सत्ता की भूखी नहीं है और कहा कि वह स्वस्थ राजनीति के जरिये बढ़ते कर्ज जैसे मुद्दों को सुलझाने में राज्य सरकार की मदद करने में रुचि रखती है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में अन्नामलाई की धूम, 10 घंटे में 10 लाख लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन
तमिलनाडु में भाजपा का दामन छोड़ खुद की पार्टी बनाने में जुटे अन्नामलाई की लोकप्रियता तेजी से बढ़ती हुई नजर आ रही है। अन्नामलाई के राजनीतिक आंदोलन में महज 10 घंटे के भीतर 10 लाख लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। इसकी जानकारी खुद अन्नामलाई ने एक्स पर पोस्ट करके दी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
