WhatsApp Username Controversy: पॉपुलर इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप WhatsApp यूजरनेम फीचर ने एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। इसके चलते भारत सरकार मेटा और व्हाट्सएप के खिलाफ तो सख्त हो ही गई है, बल्कि निशाने पर टेलीग्राम और सिग्नल जैसे ऐप्स भी आ गए हैं। WhatsApp यूजरनेम विवाद के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने अब टेलीग्राम और सिग्नल को भी नोटिस भेजा है।
दरअसल, न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से कहा कि टेलीग्राम और सिग्नल को भेजे गए नोटिस में केंद्र सरकार के तहत आने वाले आईटी मंत्रालय ने पूछा है कि उसे यूजरनेम फीचर बनाए रखने की अनुमति क्यों दी जानी चाहिए? साथ ही यह भी पूछा गया है कि प्लेटफॉर्म धोखाधड़ी और पहचान की नकल (इम्परसनेशन) से जुड़ी चिंताओं को कैसे संभाल रहा है?
WhatsApp पर लिया था एक्शन
बता दें कि इससे पहले भारत सरकार ने व्हाट्सएप के नए ‘यूजरनेम’ फीचर के रोलआउट पर फिलहाल रोक लगा दी थी। भारत सरकार को डर है कि इस फीचर से साइबर अपराध, फिशिंग और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी घटनाओं में तेजी आ सकती है। इसके चलते ही केंद्र सरकार ने मेटा को नोटिस भेजकर तीन दिनों के भीतर इस पर विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है।
सरकार ने बढ़ाया जांच का दायरा
रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार ने WhatsApp के विवाद के बाद अब अपनी जांच के दायरे को अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स तक बढ़ाया है। इसके चलते ही आईटी मंत्रालय ने टेलीग्राम और सिग्नल को पत्र लिखा है। दोनों प्लेटफॉर्म्स में पहले से यूजरनेम फीचर मौजूद हैं। इसीलिए दोनों से पूछा गया है कि क्या उन्हें वे धोखाधड़ी और पहचान की नकल से जुड़ी चिंताओं को कैसे नियंत्रित कर रहे हैं?
सरकार को किस बात की चिंता?
इस मामले में आईटी मंत्रालय का मानना है कि यूजरनेम फीचर की मदद से जालसाज सरकारी एजेंसियों, बैंकों या मशहूर हस्तियों के नाम से मिलते-जुलते अकाउंट बना सकते हैं। इससे लोगों की पहचान चोरी करना और उन्हें ठगना आसान हो सकता है। इसके तलते सरकार ने साफ किया है कि जब तक वह सुरक्षा उपायों से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो जाती, तब तक भारत में यह फीचर रोलआउट नहीं होगा।
सरकार ने मेटा से पूछा है कि उन पर आईटी अधिनियम के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए? भारत वॉट्सऐप का सबसे बड़ा बाजार है, जहां इसके 50 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ता हैं।
यह भी पढ़ें: WhatsApp के नए ‘यूजरनेम’ फीचर पर सरकार की नजर, सुरक्षा पहलुओं की हो रही समीक्षा
सरकार व्हॉट्सएप के प्रस्तावित ‘यूजरनेम’ (username) फीचर पर नजर बनाए हुए है। इस फीचर के संभावित दुरुपयोग और अन्य सुरक्षा संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार इसके विभिन्न पहलुओं की समीक्षा कर रही है। व्हाटसऐप ने यह फीचर इसी हफ्ते जारी किया है। यूजरनेम फीचर से उपभोक्ता किसी के फोन नंबर के बिना भी उसे व्हाट्सऐप मैसेज भेज सकेंगे। इसके लिए उन्हें केवल सम्बन्धित व्यक्ति का यूजरनेम पता होना चाहिए। पढ़िए पूरी खबर…
