Rahul Gandhi News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को राजस्थान के सीकर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले NEET परीक्षा के उम्मीदवार के परिवार से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जवाबदेही की मांग की। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि छात्र प्रदीप मेघवाल की मौत एक टूटी हुई, भ्रष्ट व्यवस्था का परिणाम है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आज NEET पेपर लीक से आहत होकर आत्महत्या करने वाले होनहार छात्र प्रदीप मेघवाल के परिवार से मिला। उनका दर्द शब्दों में नहीं समा सकता। एक मां-बाप ने अपना बेटा खोया है और उनका कोई कसूर नहीं था।”

मोदी-प्रधान की जोड़ी इस परिवार के सामने जवाबदेह है- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने आगे लिखा, “देश के लाखों बच्चे पढ़ाई, प्रतियोगिता और भविष्य के दबाव में जी रहे हैं। और जब पेपर लीक होता है, तो सिर्फ़ एक परीक्षा नहीं टूटती-एक बच्चे का सपना, और एक पूरा परिवार टूट जाता है। प्रदीप की मौत आत्महत्या नहीं-एक टूटी हुई, भ्रष्ट व्यवस्था की देन है। जिन्होंने परीक्षा प्रणाली को माफ़ियाओं के हवाले कर दिया, और आज भी अपनी कुर्सी से चिपके हैं – मोदी-प्रधान की जोड़ी इस परिवार के सामने जवाबदेह है।” पुलिस के अनुसार, छात्र ने कथित तौर पर अपने कमरे में छत के पंखे से अपनी बहन के स्कार्फ का इस्तेमाल करके फांसी लगा ली।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कुछ नीट उम्मीदवारों से भी मुलाकात की और बताया कि उन्होंने उनसे कहा कि अब उन्हें इस प्रणाली पर भरोसा नहीं रहा। राहुल गांधी ने कहा, “अब इस व्यवस्था पर हमें कोई भरोसा नहीं रहा। यह आज कुछ NEET अभ्यर्थियों ने मुझसे कहा। उनका गुस्सा साफ दिख रहा था और उनके सब्र का बांध टूट चुका है। देश का युवा अब मोदी सरकार के भ्रष्टाचार और बेरुखी को और बर्दाश्त नहीं करेगा और याद रखिए – यही युवा इस व्यवस्था को बदलेगा।”

यह भी पढे़ं: कोचिंग संस्थान के संस्थापक का नाबालिग बेटा बन सकता है ‘मुख्य गवाह’

नीट पेपर लीक मामले में लातूर के एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के फाउंडर को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन (CBI) ने गिरफ्तार किया था। इसके कुछ दिनों बाद सीबीआई उसके नाबालिग बेटे को (जो 3 मई को NEET-UG में भी बैठा था) पेपर लीक केस में ‘स्टार गवाह’ बनाने की प्लानिंग कर रही है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार एक सूत्र ने बताया कि छात्र ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर माना है कि उसके पिता ने एग्जाम से लगभग 10 दिन पहले उसके लिए NEET के क्वेश्चन पेपर (फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी) खरीदे थे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…