प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब न देने के विषय को विपक्ष जोर शोर से उठा रहा है। गुरुवार दोपहर स्पीकर ओम बिरला ने राज्यसभा को जानकारी दी कि पीएम के साथ सदन में अप्रत्याशित घटना हो सकती थी, इसलिए उन्होंने ही पीएम को न आने का आग्रह किया था।
लोकसभा स्पीकर द्वारा दी गई इस जानकारी को कांग्रेस ने बकवास बताया है। कांग्रेस पार्टी की नेता प्रियंका गांधी ने सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं। कल उनमें सदन में आने की हिम्मत नहीं थी क्योंकि बेंच के सामने तीन महिलाएं खड़ी थीं। यह कैसी बकवास है?
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ किसी के हाथ उठाने, उन्हें चोट पहुंचाने या इस तरह की कोई भी बात का सवाल ही नहीं था। ऐसा कोई मामला था ही नहीं। यह दावा करना बिल्कुल गलत है कि कोई प्लान था, कोई प्लान नहीं था। लेकिन अगर आप अपने सदस्यों को खड़े होकर, किताबें कोट करके बकवास करने देंगे तो विपक्ष विरोध करेगा।
स्पीकर के बयान पर क्या बोली बीजेपी?
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, “स्पीकर ने अपना दुख जताया है… भारतीय संसद के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ कि प्रधानमंत्री को ज़बरदस्ती बोलने से रोका गया, उन्हें घेरा गया, और स्पीकर को उन्हें कहना पड़ा कि वे न आएं। स्पीकर के चैंबर में क्या हुआ, विपक्ष और कांग्रेस सदस्यों ने क्या किया, और वे क्या हासिल करना चाहते हैं? संसद बहस करने की जगह है; कानून की सीमाओं के अंदर अपनी राय रखें। यह किस तरह की जबरदस्ती है? यह राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी है…”
बीजेपी की राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कहा, “यह संसद की गरिमा का उल्लंघन है। पीएम मोदी महिलाओं का सम्मान करते हैं और उनकी तरक्की के लिए बहुत काम कर रहे हैं, लेकिन विपक्ष महिलाओं को आगे करके और पीएम मोदी की कुर्सी को घेरने की कोशिश करके उनका अपमान कर रहा है। यह संसद के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं इसकी कड़ी निंदा करती हूं… यह देश और उसके संविधान और संसद का अपमान है…”
पढ़िए लोकसभा में पीएम नरेंद्र मोदी के न आने पर स्पीकर ओम बिरला ने क्या कहा
