दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने रिहाई के बाद आरोप लगाया कि शनिवार को विमान से उन्हें अगवा कर लिया गया था। सौरव दास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि पूरा देश आपातकाल जैसी स्थिति का सामना कर रहा है।

सौरव दास ने कहा, “प्रदर्शनकारी सिर्फ अपनी समस्याओं को सरकार के सामने रखना चाहते हैं। लेकिन आज सरकार अपने ही नागरिकों से युद्ध छेड़े हुए है। पूरा दिल्ली 40,000 कर्मियों के साथ एक किले की तरह है। वे 50 से अधिक मेट्रो स्टेशनों, दुकानों और सड़कों को बंद करके हमारे आंदोलन की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।”

वे जेन-जी आंदोलन को बदनाम करना चाहते हैं- सौरव दास

सौरव दास ने आगे कहा, “वे जेन-जी आंदोलन को बदनाम करना चाहते हैं। जैसे ही हम उतरे, पुलिस तुरंत विमान की सीढ़ियों पर चढ़ गई और हमें अगवा कर लिया। यह वही सरकार है जिसने नीरव मोदी और विजया माल्या को विमानों से विदेश भेजा था। हमें पता था कि हमें हिरासत में लिया जाएगा, लेकिन इस तरह से हमारा अपहरण किया गया।”

सौरव दास ने कहा, “उन्होंने हमें कोई कागजात या हिरासत का कोई कारण नहीं बताया। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों का इस्तेमाल करके जबरदस्ती हमारे फोन छीन लिए। हमने फिर भी अपने फोन दे दिए और ज़ब्ती का मेमो मांगा, लेकिन उन्होंने देने से इनकार कर दिया। वे हमें अलग-अलग निजी कारों में ले गए। मैं आरके पुरम में था। आशुतोष बल्लभगढ़ में था। अभिजीत कहीं और था। हमें वकील रखने का कानूनी अधिकार है, लेकिन पुलिस ने मना कर दिया। उन्होंने कहा कि हिरासत में हमारे कोई अधिकार नहीं हैं।”

हमें वकीलों से भी नहीं मिलने दिया गया- सौरव दास

सौरव दास ने कहा कि हमें वकीलों से भी नहीं मिलने दिया गया। दास ने कहा, “सोचिए वे दूसरों के साथ क्या कर रहे होंगे। हमें वकीलों से मिलने नहीं दिया गया। हमें शक है कि उन्होंने हमारे फोन के साथ क्या-क्या किया होगा। हमें लगता है कि उन्होंने हमारे फोन हैक कर लिए होंगे या क्लोन कर लिए होंगे। हो सकता है उन्होंने सबूत प्लांट किए हों और यह एक वाजिब शक है, क्योंकि उन्होंने हमें कोई दस्तावेज नहीं दिया और 24 घंटे से अधिक समय तक हमारे फोन अपने पास रखे।”

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता ने कहा, “इस सरकार का अंत बहुत करीब है। मैं सिख भाइयों से हमारी मदद करने और उनके खिलाफ लड़ने का आग्रह करता हूं। हमारे देश में डर का माहौल है। यह सब एक व्यक्ति के लिए किया जा रहा है, ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए। मैं पूछना चाहता हूं कि ज्ञानेश कुमार के पास ऐसी क्या जानकारी है कि सरकार उन्हें बचा रही है? क्या उन्हें 2024 के चुनावों के बारे में कुछ पता है।”

सरकार बेकाबू हो गई है- सौरव दास

सौरव दास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “सरकार पूरी तरह से बेकाबू हो गई है। यह सब ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए किया जा रहा है, जो देशद्रोही नंबर एक है। सरकार डरी हुई है कि ये जागृत युवा जवाब मांगेंगे। इसलिए वे हिंसा का सहारा ले रहे हैं।” उन्होंने कहा, “मैं युवाओं से अपील करता हूं कि वे सड़कों पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करें। यह व्यवस्था भ्रष्ट है और दो लोगों, मोदी और शाह, की सेवा के लिए चल रही है।”

पुलिस ने दीपके के साथ बहुत ही अमानवीय व्यवहार किया- आशुतोष रांका

इसके अलावा, कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आशुतोष ने कहा कि आपने देखा कि हम तीनों को विमान के अंदर से कैसे अगवा किया गया। दीपके की दादी का कल निधन हो गया। पुलिस ने उसे सूचना देते समय बहुत ही अमानवीय व्यवहार किया। वे कैमरा और माइक लेकर आए थे। वे इसे तमाशा बनाना चाहते थे। दीपके लगातार कह रहा था कि उसके माता-पिता चिंतित रहते हैं और उन्हें दिल की बीमारी है।

उन्होंने कहा, “वह अपने रिश्तेदारों से बात करने की जिद करता रहा, लेकिन पुलिस टस से मस नहीं हुई। किसी की मौत के बाद भी उनका रवैया अमानवीय बना रहा। आज रिहा होने के बाद दीपके अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए हैं। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि अब लड़ाई शुरू हो चुकी है। मोदी और शाह को शर्म आनी चाहिए कि उन्होंने इसे युद्ध का रूप दे दिया।”

यह भी पढ़ें: ‘मेट्रो और इंटरनेट सेवाएं बहाल करें’, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा- लोगों की आवाजाही सामान्य होनी चाहिए

सुप्रीम कोर्ट ने रविवर केंद्र सरकार को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि दिल्ली में मेट्रो सेवाएं अपने सामान्य कार्यक्रम के अनुसार संचालित हों। साथ ही SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा बुलाए गए विरोध प्रदर्शनों के बीच इंटरनेट सेवाओं में कोई व्यवधान न हो। कॉकरोच जनता पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…