Delhi News: दो दिन पहले एक विधवा मां ने अपना सामान समेटा और अपनी 15 साल की बेटी के साथ नोएडा स्थित अपने किराये के घर को छोड़ दिया। उसने बताया कि उनके पास कोई और विकल्प नहीं था। उसकी बेटी (जो कक्षा 10 की छात्रा है) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित टिप्पणियों को लेकर विवाद में फंस गई थी। इसके बाद पुलिस और अजनबी लोग उनके घर आने लगे थे।
मां ने कहा कि उनकी बेटी ने माफी मांग ली थी और प्रधानमंत्री ने उसे माफ कर दिया था, लेकिन परिवार को अभी भी लगातार उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
लड़की की मां ने की विनती
उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “मैं अपनी बेटी का पालन-पोषण अकेले कर रही हूं। मेरे पति की 2019 में एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी और मेरा छोटा बेटा मेरे ससुराल वालों के साथ रहता है। जब लोग और पुलिस लगातार हमारे घर आते रहते हैं तो हम वहां कैसे रह सकते हैं?” इतना ही नहीं उन्होंने अधिकारियों और जनता से अपने परिवार को परेशान करना बंद करने की अपील की।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान लड़की ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की। नोएडा पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। 1 अगस्त को एक कथित वीडियो में लड़की ने माफी मांगी और कहा कि यह उसकी पहली और आखिरी गलती थी। साथ ही, उसने कहा कि वह विरोध स्थल पर मौजूद समूहों से प्रभावित हुई थी।
लड़की ने वीडियो में क्या कहा?
वीडियो में यह कहते हुए सुना जा सकता है, “मैं विरोध प्रदर्शन स्थल पर थी और वहां कई समूह प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द कह रहे थे। वे दूसरों को भी ये सब कहने के लिए उकसा रहे थे। मुझे उन बातों को कहने पर इतनी शर्म आ रही है कि मैं आंखें भी नहीं उठा पा रही हूं। मैं इसके लिए पूरे देश से माफी मांगती हूं। यह मेरी पहली और आखिरी गलती है।” मां ने कहा कि वह और उसकी बेटी अब किराए के मकान में नहीं रह सकतीं।
मेरी लड़की दसवीं क्लास में पढ़ती है
उन्होंने कहा, “पड़ोसी बताते हैं कि लोग अब भी काली गाड़ियों में हमारे घर आ रहे हैं। यूपी पुलिस भी अब भी हमारे घर आती रहती है। मेरी बेटी और मैं दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। वह दसवीं क्लास में पढ़ती है और मैं छात्रों को पढ़ाती थी। मुझे नहीं पता कि अब हमारा भविष्य क्या होगा।”
लड़की की उम्र को लेकर भी मतभेद है। जीरो एफआईआर में उसकी जन्मतिथि 1994 बताई गई है, जबकि उसकी मां का कहना है कि वह 15 साल की है और उसका जन्म 2011 में हुआ था। मां ने विनती की, “मेरी शादी 2010 में हुई थी। उसका जन्म 2011 में हुआ और मेरे बेटे का जन्म 2014 में हुआ। वह अभी बच्ची है। कृपया उसे माफ कर दीजिए और हमें भी बाकी लोगों की तरह जीने दीजिए।”
उन्होंने पूछा, “उसने गलती की है और उसने माफी भी मांग ली है। प्रधानमंत्री ने भी उसे माफ कर दिया है। तो फिर इस मामले को नोएडा से दिल्ली क्यों ट्रांसफर किया गया है? क्या होगा अगर भविष्य में दिल्ली पुलिस भी आकर हमें परेशान करने लगे?”
क्या हुआ?
पिछले हफ्ते नोएडा पुलिस ने लड़की के खिलाफ अपमान, सार्वजनिक उपद्रव और मानहानि से संबंधित धाराओं के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की थी। बाद में इसे दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने कहा कि उन्होंने न तो नियमित एफआईआर दर्ज की है और न ही जीरो एफआईआर को जीरो एफआईआर में बदला है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में आगे कार्रवाई नहीं हो सकती है। एक सूत्र ने कहा, “चूंकि यह जीरो एफआईआर है, इसलिए इसे नियमित एफआईआर में परिवर्तित नहीं किया जाएगा। लड़की ने माफी भी मांग ली है। हालांकि, कानूनी सलाह अभी भी ली जा रही है।” सूत्र ने बताया कि कई संवैधानिक पदाधिकारियों को निशाना बनाकर की गई अपमानजनक सामग्री की जांच जारी है।
दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों द्वारा प्रधानमंत्री और अन्य संवैधानिक प्रमुखों के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों के संबंध में एक अलग मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच अभी जारी है।
यह भी पढ़ें: ‘US की पढ़ाई स्कॉलरशिप और एजुकेशन लोन से पूरी की’: पिता की कमाई पर उठे सवालों पर बोले CJP के अभिजीत दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अमेरिका में अपनी उच्च शिक्षा के खर्च को लेकर उठ रहे सवालों पर सफाई दी है। पत्रकार बरखा दत्त को दिए एक इंटरव्यू में दीपके ने कहा कि उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी में अपनी पढ़ाई स्कॉलरशिप और एजुकेशन लोन के जरिए पूरी की थी। यहां क्लिक कर पढे़ं पूरी खबर…
