पुणे के केतन हत्याकांड मामले में कई अहम खुलासे हुए हैं। मंगेतर सिया गोयल से लेकर उसके कथित बॉयफ्रेंड चेतन तक पर गंभीर आरोप लगे हैं। इस समय सिया और चेतन दोनों पुलिस की गिरफ्त में हैं। दोनों से कई घंटे तक पूछताछ हो चुकी है, लेकिन अभी भी कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं। 18 जून को केतन को कथित तौर पर लोहागढ़ फोर्ट से धक्का दिया गया था। इस बीच, इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के आधार पर हम आपको इस मामले से जुड़े बड़े खुलासों के बारे में बता रहे हैं।
खुलासा नंबर 1: 4,400 कॉल्स
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, चेतन और सिया के बीच केतन की हत्या से पहले करीब 4,400 कॉल्स हुई थीं। पुलिस को शक है कि इन्हीं कॉल्स के जरिए केतन की हत्या की पूरी साजिश रची गई थी।
खुलासा नंबर 2: सिया के जन्मदिन पर बनी हत्या की योजना
पुलिस के मुताबिक, सिया के जन्मदिन पर उसकी चेतन से मुलाकात हुई थी। इसी दौरान केतन की हत्या की योजना बनाई गई। उसी दिन ऐसे स्थान की भी तलाश की गई, जहां से केतन को धक्का दिया जा सके।
खुलासा नंबर 3: केतन के वायरल वीडियो
एक तरफ सिया और चेतन कथित तौर पर हत्या की साजिश रच रहे थे, तो दूसरी तरफ इन सबसे अनजान केतन सिया का जन्मदिन खास बनाने की हर संभव कोशिश कर रहा था। सोशल मीडिया पर वायरल कई वीडियो इस बात की तस्वीर पेश कर रहे हैं। इनमें सिया को गिफ्ट देते, दोनों को साथ में डांस करते और जन्मदिन मनाते देखा जा सकता है।
खुलासा नंबर 4: केतन का पासपोर्ट गायब होना
पुलिस के मुताबिक, केतन और सिया प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली जाने वाले थे। लेकिन बड़ी चालाकी से केतन का पासपोर्ट एक फूड प्लाजा की डस्टबिन में फेंक दिया गया। दोनों को मुंबई से बाली की फ्लाइट पकड़नी थी, लेकिन पासपोर्ट गायब होने की वजह से यह ट्रिप रद्द करनी पड़ी।
खुलासा नंबर 5: पहले भी कई बार लोहागढ़ फोर्ट गए थे सिया और केतन
केतन की बहन संजना और परिवार के अन्य लोगों से बातचीत में पता चला है कि सिया ने केतन को कई बार लोहागढ़ फोर्ट चलने के लिए कहा था। आरोप है कि उस समय भी चेतन चुपचाप दोनों का पीछा करता था।
खुलासा नंबर 6: सिया के लगातार बदलते बयान
केतन की मौत को लेकर सिया ने पहले दावा किया था कि तस्वीर खींचते समय वह नीचे गिर गया। बाद में उसने कहा कि पानी की बोतल देते समय केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया। पुलिस का कहना है कि जिस जगह से केतन गिरा, वहां से फिसलना आसान नहीं था। इसी वजह से सिया पर पुलिस का शक और गहरा हो गया।
चेतन के परिवार ने क्या कहा?
चेतन के पिता बाबूलाल चौधरी ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि जब चेतन पुलिस स्टेशन में था, तब उसने बताया था कि हादसे वाले दिन वह कपल से काफी दूर खड़ा था। बाबूलाल चौधरी के मुताबिक, उनके बेटे का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। उनका दावा है कि सिया अपने बचाव के लिए चेतन का इस्तेमाल कर रही है और उसी पर आरोप लगा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चेतन और सिया के रिश्ते को लेकर जो बातें सामने आ रही हैं, वे हादसे के बाद ही सामने आई हैं।
चेतन की वकील ने भी दोनों के बीच हुई लगातार कॉल्स पर सफाई दी। उनके मुताबिक, सिया और चेतन सिर्फ दोस्त थे और दोनों के बीच बिजनेस से जुड़ी बातें होती थीं।
वहीं, चेतन के अंकल उदय राम चौधरी ने भी अपने भतीजे का बचाव किया। उन्होंने कहा कि चेतन ऐसा काम नहीं कर सकता। वह एक खिलाड़ी रहा है और उसके घर में करीब 150 ट्रॉफियां रखी हैं। उनका कहना है कि ऐसा व्यक्ति इस तरह की वारदात क्यों करेगा।
ये भी पढ़ें- मंगेतर को 400 फीट गहरी खाई में धकेला गया
